छिन्दवाड़ा: टाइम पर स्कूल आने के लिए बोली प्रिंसिपल तो गुरुजी ने कहा- कर दूंगा तेरा मर्डर
छिन्दवाड़ा।
मैं तुझे जान से मारूंगा लेकिन इतना बेवकूफ नहीं हूं कि स्कूल के भीतर मारूं. मैं तुझे रास्ते में मार डालूंगा. ये धमकी देने वाला कोई और नहीं बल्कि एक सरकारी स्कूल का टीचर है जो अपनी महिला प्रिंसिपल को खुलेआम धमकी दे रहा है. प्रिंसिपल की गलती ये है कि उन्होंने शिक्षक को समय से स्कूल आने को कहा था.
स्कूल के भीतर ही महिला प्रिंसिपल को जान से मारने की धमकी दे रहा टीचर
बुधवार से छिंदवाड़ा के सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बीझावाडा के स्कूल की महिला प्रिंसिपल और टीचर आपस में बहस कर रहे हैं. वीडियो में दिख रहा है कि एक महिला को स्कूल के भीतर एक पुरुष धमकी भरे लहजे में बोल रहा है कि तुझे मरना है क्या? मैं तुझे मारूंगा लेकिन इतना बेवकूफ नहीं हूं कि स्कूल में मारूं, तुझे मैं रास्ते में मार दूंगा.
प्रिंसिपल ने समय से स्कूल आने के लिए कहा तो तिलमिला उठे गुरुजी
गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बीझावाड़ा की प्रभारी प्रिंसिपल कुसुम साहू ने बताया "स्कूल में पदस्थ शिक्षक जयप्रकाश व्हटवार अपनी मर्जी से स्कूल आते हैं और मन होता है चले जाते हैं. इस बारे में उनसे कई बार कहा गया तो उनका कहना था कि वह अपनी मर्जी के हिसाब से ही स्कूल आएंगे. वह किसी के नौकर नहीं हैं." कुछ दिनों तक जब शिक्षक ने अपनी आदत नहीं सुधारी तो प्रिंसिपल ने ग्रामीणों के सामने एक पंचनामा तैयार किया और जैसे ही शिक्षक स्कूल पहुंचे तो उन्होंने इस पंचनामे पर साइन करने के लिए कहा. फिर क्या था गुरु जी को गुस्सा आ गया.
डीईओ तक पहुँची शिकायत, मैडम बोली- जान का खतरा
शिक्षक की धमकी के बाद प्रभारी प्रिंसिपल कुसुम साहू ने कहा कि उन्होंने मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी से की है. इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी गोपाल सिंह बघेल ने बताया "उन्हें स्कूल में विवाद और धमकी की शिकायत मिली है. इस मामले में जांच टीम गठित की गई है." वही प्रिंसिपल कुसुम साहू का कहना है कि वह अकेले स्कूल आना जाना करती हैं. उन्हें शिक्षक जयप्रकाश व्हटवार से जान का खतरा है. उन्होंने इस मामले में पुलिस में भी शिकायत करने की बात कही है.
मानसिक रूप से करती हैं प्रताड़ित, पढ़ाई के अलावा दूसरे काम कराती हैं मैडम
इस मामले में शिक्षक जयप्रकाश व्हटवार का कहना था कि प्रभारी प्रिंसिपल मैडम मानसिक रूप से प्रताड़ित करती हैं. उनका काम स्कूल में पढ़ाने का है लेकिन स्कूल में पढ़ाई के अलावा क्लर्क के काम कराती हैं. कभी कोई डाक लेकर जाना है तो कभी किसी को जानकारी देने जाना है. इसी बात को लेकर हमारा विवाद हुआ था. मैंने उनसे कहा था कि मेरा काम स्कूल में पढ़ाने का है, दूसरे काम करने के लिए नौकरी नहीं है.

मध्य प्रदेश: राज्य महिला आयोग में 6 साल का इंतजार खत्म, रेखा यादव बनीं नई अध्यक्ष