छतरपुर।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप विजेता खिलाड़ी क्रांति सिंह गौड़ आज शुक्रवार को अपने गृह जिले छतरपुर आ रही हैं. जिसको लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है. जगह-जगह स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं. खजुराहो से लेकर घुवारा तक क्रांति सिंह गौड़ का भव्य स्वागत होगा. जिसकी तैयारी भी पूरी हो चुकी हैं. जिले के कलेक्टर, SP और SDM भी गांव की बेटी विश्व विजेता का भव्य स्वागत करेंगे.
वर्ल्ड कप जीतने के बाद पहली बार आ रहीं छतरपुर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड चैंम्पियन खिलाड़ी क्रांति सिंह गौड़ वर्ल्ड कप विजय के बाद शुक्रवार को पहली बार अपने गृह जिले छतरपुर आ रही हैं. उनके आगमन को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल है. उनके आगमन और स्वागत कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई है. जिसको लेकर एक सूचना भी जारी की गई, जिसमें क्रांति के आने की पूरी जानकारी के साथ स्वागत की भी जानकारी दी गई है.
क्रांति गौड़ के लिए सम्मान समारोह का आयोजन
क्रांति सिंह गौड़ 11:30 बजे विमान द्वारा खजुराहो पहुंचेगी. वहां से वे 12:45 बजे छतरपुर पहुंचेंगी. जहां कलेक्टर कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बगौता शाखा एवं एसीसी सीमेंट कार्यालय में उनका स्वागत किया जाएगा. इसके बाद कृष्णा यूनिवर्सिटी छतरपुर में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. लगभग 2:20 बजे वे गुलगंज पहुंचेंगी. जहां चौपरिया सरकार मंदिर दर्शन के बाद शशिकांत अग्निहोत्री के फार्म हाउस में स्वागत किया जाएगा. बंधा तिगड्डा और टोल प्लाजा पर रजऊ राजा एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा स्वागत किया जाएगा.
क्या बोली महिला क्रिकेटर क्रांति गौड़
छतरपुर जिले के घुवारा की रहनी वाली विश्व विजेता क्रांति सिंह गौड़ ने एक वीडियो जारी कर बताया, ''मैं जब खेल रही थी, तो मेरी फैमिली मैच देख ही रही थी, मैच जीतते ही मैंने घर पर वीडियो कॉल किया. मेरी बड़ी बहन रो रही थी, सभी रो रहे थे. इतने छोटे से गांव से निकलकर यह उपलब्धि हासिल करना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है. जब विश्व कप खेलने के लिए घर से निकली थी तो बोलकर गई थी कि टॉफी लेकर ही आऊंगी. मुझ पर परिवार को भी भरोसा था. मैच जीतते ही बहुत से लोग पटाखे और मिठाईया मेरे घर लेकर आए, परिवार के लोग बहुत खुश थे. मैच वाले दिन मेरे घुवारा गांव में बड़ी TV लगवाई गई थी. उस दिन दिवाली जैसा माहौल था.''