निर्मला सीतारमण के बजट पर बोले, बीजेपी-कांग्रेस नेता
- - पटवारी बोले, लूटो और बेचो देश को नीति पर हो रहा काम
- - वीडी ने कहा-नए भारत का विजन है बजट में
भोपाल। केंद्र सरकार के बजट को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि यह विकसित भारत के रूप में नए भारत के विजन वाला बजट है। इसमें सभी वर्गों का ख्याल केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने रखा है। वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी की कार्यशैली ऐसी है कि बीजेपी के लोग देश को लूट और बेच रहे हैं। इससे पहले भी जब-जब मोदी बजट लाए हैं, देश निराश ही हुआ है। भ्रष्टाचार अद्भुत और अकल्पनीय हो गया है। लूटो और बेचो देश को वाली नीति पर काम हो रहा है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार 8वीं बार बजट पेश किया। इस पर भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज संसद में प्रस्तुत बजट हर वर्ग के उत्थान के साथ ही विकसित भारत के निर्माण की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस आम बजट में देश के गरीब, किसान, नौजवान, मध्यमवर्गीय परिवार, व्यापारी, पिछड़ा, महिला, श्रमिक समेत हर वर्ग का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है। 2025 में नए भारत का विज़न व समृद्ध और डिजिटल भारत का आधार स्पष्ट रूप से प्रतीत होता है। वहीं मोहन सरकार में राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने बजट पर कहा, यह 2047 के भारत का बजट है। देश के चहुंमुखी विकास का बजट है। पीएम नरेंद्र मोदी के सपनों का बजट है। किसान, महिला, युवा, गरीबों का बजट है। ये मध्यम वर्ग का बजट है। रोजगार के लिए स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट के प्रावधान है। मध्य प्रदेश को केंद्र का पर्याप्त अंश मिला है। यह एमपी के विकास का भी बजट है।
दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि देश में सरकारें नहीं बच रही हैं, केवल चुनाव हो रहे हैं। विकास दर नीचे है, लेकिन भाषण ऊंचे स्तर पर हैं। उद्योगपतियों के सोलह लाख करोड़ रुपये दस साल में माफ कर दिए गए, लेकिन किसानों के लिए कोई ठोस काम नहीं हो रहा है।
देश पर 270 लाख करोड़ रुपये का कर्ज
जीतू पटवारी ने केंद्र के बजट को लेकर कहा कि किसानों की आत्महत्या बढ़ रही है, युवाओं के रोजगार का संकट बना हुआ है। एमएसपी को लेकर किसान सड़क पर हैं। देश पर 270 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। हालात बदतर होते जा रहे हैं। सरकार उद्योगपतियों और हम दो, हमारे दो की बनती जा रही है। गरीब और गरीब हो रहा है, अमीर और अमीर हो रहा है वहीं, देश छोड़ता जा रहा है।
यही स्थिति मध्य प्रदेश में भी है। प्रदेश सरकार लगभग पांच लाख करोड़ रुपये के कर्ज में है।
नेता प्रतिपक्ष बोले- बजट जुमलों की पोटली
उधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि मोदी सरकार का बजट 2025 भी जुमलों की पोटली निकला है। महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, केवल बड़े-बड़े वादों का मायाजाल है। चुनावी साल में फिर मध्यप्रदेश को झूठे सपने दिखाने की तैयारी है, जिससे आम जनता का हाल बेहाल रहेगा।