भोपाल से 57 किमी दूर मिली तीन साल की मासूम:गांधी नगर इलाके से हुई थी लापता, अगले दिन कुरावर में मिली
भोपाल।
गांधी नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई तीन साल की मासूम रागिनी को पुलिस ने 24 घंटे बाद राजगढ़ जिले के कुरावर कस्बे से बरामद कर लिया है। बच्ची 4 अगस्त को दोपहर 3 बजे घर के बाहर खेलते वक्त अचानक गायब हो गई थी। सूचना मिलते ही गांधी नगर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। 5 अगस्त की सुबह बच्ची कुरावर में लावारिस हालत में मिली। वहां की पुलिस ने तत्काल गांधी नगर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बच्ची को भोपाल लाया गया। बच्ची को फिलहाल मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
गांधी नगर थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि बच्ची सुरक्षित मिल गई है, लेकिन वह अभी कुछ भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रही है। पुलिस उससे बातचीत कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह कुरावर कैसे पहुंची, क्या किसी बस, ऑटो या किसी अन्य वाहन से गई थी। जानकारी के अनुसार, रागिनी की मां का निधन हो चुका है और पिता लंबे समय से बीमार रहते हैं। बच्ची की परवरिश उसके ताऊ कर रहे हैं। कुछ समय पहले भी यह बच्ची गुम हो चुकी है और तब श्यामला हिल्स इलाके से बरामद हुई थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि बच्ची बार-बार क्यों और कैसे लापता हो जाती है। बच्ची से बातचीत और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हौसलों को मिला सहारा, दिव्यांगजनों की बदली जिंदगी
सशक्त नारी, विकसित प्रदेशः ‘बिहान’ से आत्मनिर्भरता की नई मिसाल बनीं सकीना
मुंबई में आयोजित वर्ड पावर चैंपियनशिप 2026 में छठवां स्थान हासिल किया छात्र रोशन निषाद ने
फूलों की खुशबू से महकी किस्मत ईश्वरचरण पैकरा का
मध्यप्रदेश की ‘बाग प्रिंट’ कला को पेरिस में मिलेगा वैश्विक मंच