भोपाल। 
राजधानी के गांधीनगर स्थित शासकीय महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक स्कूल में एक महिला शिक्षक का छात्र से पैर दबवाने का वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ लिया गया है। सोशल मीडिया पर रविवार को पूरे दिन चर्चा में रहे इस वीडियो पर सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए संबंधित टीचर और स्कूल प्रिंसिपल दोनों को नोटिस जारी कर दिया।मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। जिसे तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
कक्षा 4 में महिला टीचर बच्चे से पैर दबवाते नजर आईं
यह वीडियो गांधीनगर स्थित शासकीय महात्मा गांधी उ.मा.वि. का है। लंच ब्रेक के बाद जब अधिकांश कक्षाओं में बच्चे शांत होकर पढ़ाई कर रहे थे, तभी कक्षा 4 से शोरगुल की आवाज आ रही थी। यह स्कूल की एकमात्र कक्षा है, जहां बच्चे जमीन पर बैठते हैं। यहां महिला शिक्षक अनीता श्रीवास्तव कुर्सी पर बैठी थीं, उनका एक पैर सामने रखी दूसरी कुर्सी पर था, जिसे उसी कक्षा का एक छात्र दबा रहा था। स्कूल के अन्य शिक्षकों के अनुसार, ऐसी घटना यहां पहले भी हो चुकी है, इसलिए उन्हें यह नया नहीं लगा।