भोपाल। 
भोपाल में 3 बदमाशों ने एक युवक पर सरेराह जानलेवा हमला किया। वे बेसुध होने तक युवक पर लाठी-डंडे बरसाते रहे। युवक सड़क पर पड़ा चीखता-चिल्लाता रहा। वारदात हबीबगंज थाना इलाके में पॉश इलाके चार इमली में रविवार देर रात की है। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों के अलावा 3 और बदमाशों को गिरफ्तार किया है। हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि ऋषि नगर निवासी रिंकू सिंह ड्राइवर है। रविवार दोपहर में उसका विवाद पांच नंबर इलाके में रहने वाले अजय, लखन और उनके साथियों से हो गया था, तब मौके पर मौजूद लोगों ने समझाइश देकर मामला शांत कराया था। इसी रंजिश को लेकर रात में ​​​चार इमली के दुर्गा पेट्रोल पंप के सामने रिंकू सिंह को अजय, लखन और एक अन्य ने रोक लिया। उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने लगे। बदमाश रिंकू को इतनी बेरहमी से पीट रहे थे कि आसपास से गुजरने वाले लोग डर के कारण पास तक नहीं पहुंचे। कुछ समय बाद राहगीरों ने हिम्मत दिखाई और बीच-बचाव करने उनके नजदीक पहुंचे। लोगों का जमावड़ा देख हमलावर मौके से भाग निकले।
पुलिस ने आरोपियों का निकाला जुलूस
मामले में हबीबगंज पुलिस ने 6 आरोपियाें को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने जहां वारदात की थी। सोमवार को पुलिस ने 5 नंबर स्टाफ से आरोपियों का जुलूस निकाला। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर केस वापस नहीं लेने पर उन्होंने युवक की पिटाई की थी।