कहाँ गायब हो गया मध्य प्रदेश का मानसून? पश्चिमी इलाका सूखा, पूर्वी में सिर्फ फुहारें, मौसम वैज्ञानिक ने दी बड़ी खुशखबरी
भोपाल।
एमपी में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राज्य में मानसून को ऊर्जा देने वाली मौसम प्रणालियां कमजोर पड़ने से बारिश का दौर थम सा गया है। हालांकि, किसानों और आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम एक्टिव होने जा रहा है, जिससे जुलाई के दूसरे पखवाड़े में प्रदेश भर में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने की जोरदार संभावना है। पूर्व मौसम वैज्ञानिक शैलेंद्र कुमार नायक के अनुसार, पिछले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में भारी या अति भारी बारिश दर्ज नहीं की गई है। अगले दो से तीन दिन प्रदेश में बारिश को लेकर कोई बड़ा अपडेट या अलर्ट भी नहीं है। हालांकि 15 जून से मौसमी परिस्थितियां बदलेंगी और एक बार फिर जोरदार बारिश का सिस्टम बनने की संभावना है।
पूर्वी एमपी में हल्की फुहारें, पश्चिमी इलाका सूखा
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में बारिश की गतिविधियां केवल पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ सीमित क्षेत्रों तक ही सिमटी रहीं। मऊगंज के हनुमना में 16 मिमी, नैगढ़ी में 4 मिमी, सीधी के सिहावल में 3 मिमी, गोपदबनास में 1.2 मिमी और अनूपपुर के बिजुरी में 1.1 मिमी पानी गिरा। वहीं, पश्चिमी मध्य प्रदेश में मौसम साफ रहा और कहीं भी उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई। गरज-चमक की स्थिति कमजोर रहने के कारण भिंड में हवा की अधिकतम रफ्तार 35 किमी प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई।
क्यों कमजोर पड़ा मानसून?
मौसम विशेषज्ञ डॉ. शैलेंद्र नायक के अनुसार मानसून को सक्रिय बनाए रखने वाली प्रमुख मौसमी प्रणालियां फिलहाल कमजोर हो गई हैं या उनका प्रभाव मध्य प्रदेश से दूर चला गया है। इसी वजह से प्रदेश में व्यापक बारिश नहीं हो रही और अधिकांश क्षेत्रों में केवल बादल व हल्की फुहार जैसी स्थिति बनी हुई है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा है नया चक्रवात
मौसम विभाग के विस्तारित अवधि पूर्वानुमान के अनुसार, 13 से 19 जुलाई के बीच उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक नया 'ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण' बनने जा रहा है। यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं, तो यह मजबूत होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। यह सिस्टम ओडिशा और छत्तीसगढ़ के रास्ते पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए मध्य प्रदेश को प्रभावित करेगा।

राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत