भोपाल। 
भोपाल के होशंगाबाद रोड पर स्थित नामचीन वृंदावन ढाबा के खिलाफ खाद्य विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत शनिवार रात यहां भोजन करने आए अर्जुन कुश्वाहा नामक युवक द्वारा सलाद में जिंदा कीड़े पाए जाने को लेकर की गई। अर्जुन अपने दोस्तों के साथ भोजन करने आए थे। खाने के दौरान उन्होंने सलाद में एक चलती हुई छोटी इल्ली देखी और तुरंत उसका वीडियो बनाना शुरू किया। उन्होंने केवल टेबल पर ही नहीं, बल्कि सलाद से निकली इल्ली को पेपर पर रखकर बाहर भी रिकॉर्ड किया। युवक ने ढाबा प्रबंधन से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि उनके जवाब बेहद गैरजिम्मेदाराना थे। अधिकारियों ने कहा – “आपको जो करना है, कर लो।” इससे नाराज होकर अर्जुन ने तुरंत सोशल मीडिया के माध्यम से खाद्य विभाग में शिकायत दर्ज कराई।
ढाबा संचालक का बयान:
मोहन बारकर, मैनेजर, वृंदावन ढाबा ने बताया कि 'हमारे यहां शनिवार रात कुछ लोग आए थे और उन्होंने शिकायत की। जब हमने उनका सलाद चेक किया, तो ऐसा कुछ नहीं मिला और वे हमें कुछ भी कीड़ा जैसा नहीं दिखा सके। इसके बाद वे लोग वहां से चले गए। हालांकि हमने हर संभव तरीके से उनका सहयोग करने की कोशिश की, लेकिन वे चले गए।'