कागजों पर रोजगार या चमत्कार? मध्य प्रदेश में अचानक घटे 8.24 लाख बेरोजगार, विधानसभा में मंत्री के आंकड़े देख उड़े होश!
भोपाल।
मध्यप्रदेश मेंं छह माह में 8 लाख 24 हजार 548 बेरोजगार युवा घट गए हैं और अब 30 जून 2026 की स्थिति में प्रदेश में आकांक्षी युवाओं (बेरोजगार युवा) की संख्या 17 लाख 71 हजार 132 रह गई है। रीवा जिले में सबसे ज्यादा बेरोजगार हैं, वहीं पांढुर्णा में सबसे कम बेरोजगार बचे हैं। यह दावा मोहन यादव सरकार ने विधानसभा के एक सवाल के लिखित जवाब में दिया है। इसी सरकार ने 31 दिसंबर 2025 की स्थिति में प्रदेश में आकांक्षी युवाओं की रोजगार पोर्टल पर दर्ज संख्या 25 लाख 95 हजार 680 बताई थी। छह माह के अंतराल में इतनी अधिक संख्या में आई कमी अब सवालों के घेरे में भी बताई जा रही है।
कांग्रेस विधायक के सवाल पर दिया जवाब
कांग्रेस विधायक डॉ हीरालाल अलावा ने राज्य सरकार से पूछा था कि प्रदेश में बेरोजगारों के रोजगार देने, हर हाथ को काम देने की क्या योजना है? निजी कम्पनियों में रोजगार देने के लिए क्या योजना है? रोजगार देने के लिए जो योजनाएं बनाने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, विभागीय सचिव ने योजनाएं बनाई हैं, उनकी पांच साल की क्या स्थिति है?अलावा ने विधानसभा सवाल के जरिए यह भी पूछा कि बेरोजगार पोर्टल पर दर्ज युवाओं की संख्या क्या है? साथ ही रोजगार मेलों में खर्च राशि, युवाओं को मिले स्थायी रोजगार के बारे में पूछा गया।
कौशल विकास और रोजगार विभाग की ओर से आया जवाब
इसके जवाब में कौशल विकास और रोजगार विभाग के राज्य मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा है कि युवाओं को रोजगार देने जॉब फेयर योजना चलाई जा रही है। मंत्री ने यह भी कहा है कि बैठकों में लिए गए निर्णय के आधार पर कार्यवाही की जाती है। उन्होंने बताया है कि एमपी रोजगार पोर्टल पर 30 जून 2026 की स्थिति में दर्ज कुल आकांक्षी युवाओं (बेरोजगारों) की संख्या 17 लाख 71 हजार 132 है।
छह माह में 25.95 लाख से 17.71 लाख पहुंचा दिया आंकड़ा
दरअसल छह माह पहले 31 दिसम्बर की स्थिति में बेरोजगार संख्या और 30 जून की स्थिति में दर्ज बेरोजगार संख्या में भारी अंतर आया है। इन्हीं मंत्री ने फरवरी 2026 के बजट सत्र के दौरान 31 दिसंबर की स्थिति में बेरोजगार युवाओं की संख्या 25 लाख 95 हजार 680 बताई थी जो अब 17 लाख 71 हजार 132 बताई जा रही है। फरवरी में रोजगार संबंधी जानकारी विधायक प्रताप ग्रेवाल के सवाल के लिखित जवाब में राज्य मंत्री कौशल विकास और रोजगार गौतम टेटवाल ने दी थी।

राशिफल 21 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा