'दोस्त मोहम्मद ने छल से छीना था जगदीशपुर का किला'— नव-संवर्धित किले के लोकार्पण पर बोले सीएम मोहन यादव; अस्पतालों के लिए 776 करोड़ मंजूर
भोपाल।
सीएम मोहन यादव ने रविवार को कैबिनेट बैठक से पहले 10 करोड़ रुपए की लागत से नव-संवर्धित जगदीशपुर किले का किया लोकार्पण किया। चमन महल में कैबिनेट बैठक के बाद डॉ. यादव ने कहा कि जगदीश पुर गोंड राजवंश की गौरवशाली विरासत है। यह किला लंबे संघर्ष, समृद्ध संस्कृति और सभ्यता का साक्षी रहा है। सीएम ने कहा कि अफगान सरदार दोस्त मोहम्मद खान ने छल कर गोंड शासकों से इसे हथियाया था, इसके जगदीशपुर ने बुरा दौर देखा। लेकिन बीच में 11 साल सिंधिया शासन और इससे पहले राजपूत शासन काल भी यहां रहा, जिसके बारे में बहुत कम पता है। कैबिनेट बैठक में जगदीशपुर किले के गौरवशाली इतिहास और इसके संरक्षण पर बनी एक फिल्म भी सभी मंत्रियों और अधिकारियों को दिखाई गई। सीएम ने इस कैबिनेट को जगदीशपुर के गोंड शासकों के शौर्य-सुशासन-लोक कल्याण और सेवा कार्यों को समर्पित बताया।
अस्पतालों के लिए 776.13 करोड़
कैबिनेट ने प्रदेश में 73 सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार के लिए 776.13 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इनमें 29 उप स्वास्थ्य केंद्र, 19 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 18 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं। इनके लिए जल्द ही 1600 नियमित और 71 संविदा के नवीन पद सृजित किए जाएंगे। 560 लोगों की भर्ती आउटसोर्सिंग से होगी। जिस पर सालाना 122.83 करोड़ रुपए का खर्च आएगा।
जनजातीय नायकों की प्रदर्शनी
जगदीशपुर किले के भीतर मध्यप्रदेश समेत देशभर के जनजातीय नायकों और उनकी शौर्य गाथाओं की एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें रानी कमलापति, बिरसा मुंडा, टंट्या भील, भीमा नायक, राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह, गंजन सिंह कोरकू, बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, शहीद वीर नारायण सिंह समेत तमाम जनजातीय नायकों के चित्रों के साथ उनकी संघर्ष गाथा बताई गई। कैबिनेट से पहले सीएम ने इसका उद्घाटन किया।

राशिफल 21 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा