भोपाल। 
भोपाल में ट्रैफिक चेकिंग के दौरान भाजपा नेता और ट्रैफिक पुलिस आमने-सामने आ गए। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित और ट्रैफिक टीआई संजय सूर्यवंशी के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष अपना रौब दिखाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन ट्रैफिक टीआई भी अपनी डयूटी को लेकर सजग नजर आ रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस के टीआई कहते हैं कि ऊंचा मत बोलिए और शांति से बात कीजिए। घटना भोपाल पुलिस कंट्रोल रूम के सामने लगे ट्रैफिक चेकिंग पॉइंट की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बिना हेलमेट बाइक चला रहे भाजपा मंडल उपाध्यक्ष को ट्रैफिक पुलिस ने रोका। इसके बाद उन्होंने भाजपा जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित से पुलिस की बात कराने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने बात करने से मना कर दिया। इससे  मौके पर पहुंचे जिला उपाध्यक्ष अभय पंडित ने ट्रैफिक टीआई संजय सूर्यवंशी से फोन पर बात न करने पर नाराजगी जताई। लेकिन ट्रैफिक टीआई को इससे कोई फर्क नहीं पड़ा और वो अपने दायित्व का हवाला देते रहे।  वायरल वीडियो में दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है। वीडियो में अभय पंडित कहते हुए नजर आ रहे हैं कि कुछ दिन पहले ही एक टीआई सस्पेंड हुई है। तो टीआई ने भी जवाब देते हुए कहा कि हमें भी करा दो। आप चिल्लाइए मत, नहीं तो आप दिक्कत में आ जाएंगे।आप चालान बनवाइए और जाईए। अभय पंडित वाहन चालकों से अवैध वसूली करने का आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। वहीं ट्रैफिक पुलिस नियमों के पालन और वैधानिक कार्रवाई की बात कह रही है। लिहाजा काफी देर तक दोनों में बहसबाजी होती रही, और ये वीडियो सोशल मिडिया पर वायरल हो रहा है।