मध्य प्रदेश की सियासत में 'शादियों का फेर': दीपक जोशी की चार शादियों के दावों पर बोलीं पल्लवी जोशी 'मेरा पति देवता है, अन्य महिलाएं षड्यंत्र का हिस्सा'
भोपाल, सबकी खबर।
मध्य प्रदेश की राजनीति के 'संत' कहे जाने वाले दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे और पूर्व मंत्री दीपक जोशी इन दिनों अपनी शादियों को लेकर अखबारों से लेकर टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पर भारी चर्चा में हैं। शनिवार को सबकी खबर के साथ हुए एक पॉडकॉस्ट में दीपक जोशी की शादियों से जुड़ा एक नया मोड़ सामने आया है।
विजया जोशी (दिवंगत पहली पत्नी), शिखा जोशी (दूसरी पत्नी होने का दावा) और नम्रता जोशी (तीसरी पत्नी होने का दावा) के बाद अब उनकी चौथी पत्नी पल्लवी जोशी (पल्लवी सक्सेना) मीडिया के सामने आई हैं। पल्लवी और दीपक जोशी का विवाह पूरे रीति-रिवाजों के साथ 4 दिसंबर 2025 को भोपाल में हुआ था, जिसे दीपक जोशी भी सार्वजनिक रूप से स्वीकार करते हैं।
'मेरा पति देवता है, अन्य महिलाएं षड्यंत्र का हिस्सा'
सबकी खबर के साथ सीधी बातचीत में पल्लवी जोशी ने अपने पति का पुरजोर बचाव किया। उन्होंने शिखा और नम्रता जोशी के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा: "ये शादियां नहीं, बल्कि मेरे सीधे-साधे पति को फंसाने और उनके परिवार की छवि धूमिल करने का एक सोचा-समझा षड्यंत्र था। वे सिर्फ वित्तीय लाभ और प्रॉपर्टी के लालच में जुड़ी थीं।" पल्लवी ने यह भी दावा किया कि दीपक जोशी ने शादी के फेरे लेने से पहले ही उन्हें अपने जीवन के इन दोनों घटनाक्रमों के बारे में सच-सच बता दिया था। उन्होंने कहा, "मैंने उनसे इसी शर्त पर शादी की है कि मैं उन्हें इन षड्यंत्रकारी ताकतों से दूर कराऊंगी।"
शिखा और नम्रता के आरोपों पर पल्लवी के सवाल
शिखा जोशी पर आरोप: पल्लवी ने आरोप लगाया कि शिखा के पहले पति (गौतम मित्रा) की कम सैलरी होने के बावजूद उनकी जरूरतें बहुत हाई-फाई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिखा और उनके पूर्व पति ने मिलकर दीपक जोशी को अपने चंगुल में फंसाया। पल्लवी ने सवाल उठाया कि अगर शिखा वाकई कैलाश जोशी के परिवार की बहू थीं, तो वे माता-पिता के निधन के समय या बीमारी के दौरान सेवा में क्यों नहीं दिखीं?
नम्रता जोशी पर आरोप: पल्लवी ने नम्रता को एक 'साइकोलॉजिकल काउंसलर' बताते हुए कहा कि उन्होंने दीपक जोशी की भावनात्मक कमजोरी का फायदा उठाया। पल्लवी के अनुसार, नम्रता की नजर दीपक जोशी की प्रॉपर्टी (रेवेरा वाले घर) पर थी, और जब उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे कोर्ट चली गईं।
"दीपक भाई खुद छाती ठोककर सार्वजनिक रूप से कहें"
इंटरव्यू के दौरान जब पल्लवी से पूछा कि सोशल मीडिया पर दीपक जोशी का एक कथित ऑडियो भी सामने आया है जिसमें वे नम्रता से पल्लवी की शादी को 'नल एंड वॉइड' (शून्य) कराने की बात कह रहे हैं, तो पल्लवी ने कहा कि उनके पति मजबूरी और मानसिक दबाव में ऐसा कह रहे होंगे। "जितना स्ट्रॉन्ग जवाब आप ऑन-कैमरा दे रही हैं, दीपक जी उतना मजबूत जवाब नहीं दे पा रहे थे। बेहतर होगा कि अगली बार आप दोनों (दीपक और पल्लवी) साथ आएं और दीपक भाई खुद पूरी पब्लिक के सामने छाती ठोककर कहें कि वे अंतिम सांस तक पल्लवी का साथ निभाएंगे।"
क्या था पूरा विवाद और दीपक जोशी की 4 शादियों की कहानी?
दीपक जोशी की शादियों का यह पूरा ताना-बाना कुछ इस तरह है:
विजया जोशी (पहली पत्नी): दीपक जोशी का वैधानिक विवाह इनके साथ हुआ था, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। साल 2021 में विजया जोशी का दुखद निधन हो गया।
शिखा जोशी (दूसरी पत्नी): इनका दावा है कि वे 2003 से दीपक जी के साथ रिलेशन में थीं और 2016 में उन्होंने विधिवत शादी कर ली थी। हालांकि, पल्लवी का कहना है कि शिखा का अपने पहले पति से तलाक 2023 में हुआ है, इसलिए उनका दावा फ्रॉड है।
नम्रता जोशी (तीसरी पत्नी): देवास की रहने वाली नम्रता का दावा है कि साल 2022 में दीपक जोशी ने उनसे शादी की थी और वे इसके खिलाफ कोर्ट पहुंच चुकी हैं।
पल्लवी जोशी (चौथी पत्नी): कांग्रेस की पूर्व नेत्री रहीं पल्लवी सक्सेना से दीपक जोशी ने 4 दिसंबर 2025 को परिवार की मौजूदगी में बाकायदा हल्दी-मेहंदी की रस्मों के साथ शादी की।
पल्लवी का कहना है कि वे खुद 20 साल पहले तलाकशुदा थीं और उनका 19 साल का एक बेटा है। उनके परिवार (पिता और भाई) ने सुरक्षित भविष्य के लिए दीपक जोशी का हाथ उनके हाथ में सौंपा था।
जांच और कोर्ट के फैसले पर टिकी निगाहें
फ़िलहाल, 64 वर्षीय भाजपा नेता दीपक जोशी इस पूरे विवाद और बढ़ती उम्र के कारण अस्वस्थ और डिप्रेशन में बताए जा रहे हैं। पल्लवी ने शिखा के उस आरोप को भी खारिज किया जिसमें उन्होंने दीपक जोशी को शराब का आदी बताया था। पल्लवी ने कहा कि अब वे शराब से बिल्कुल दूर हैं। एक तरफ जहां दो महिलाएं दीपक जोशी के खिलाफ कोर्ट और थानों के चक्कर काट रही हैं, वहीं दूसरी तरफ पल्लवी जोशी उन्हें अपना 'देवता' मानकर उनके सम्मान की लड़ाई लड़ने का दावा कर रही हैं। अब देखना यह है कि अदालत और समय इस उलझी हुई राजनीतिक-पारिवारिक दास्तान का क्या फैसला करते हैं।

राशिफल 05 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
हर्ष फायरिंग की कीमत: जश्न की गोली ने ली जान, BJP विधायक को मिली सजा
गुजरात दौरे पर पीएम मोदी का बड़ा दावा, सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत की बढ़ी ताकत
शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप, शिक्षिका की मौत मामले में वकील पर केस
बिहार में न्याय व्यवस्था होगी और तेज, सम्राट चौधरी सरकार का अहम फैसला
महिला के पेट पर लात मारने का आरोप, 6 माह की गर्भावस्था में जुड़वा बच्चों की मौत