नई दिल्ली/भोपाल। 
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन दिनों एक्शन मोड में हैं। दिल्ली से लेकर कोलकाता तक उनके दौरों ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। आज राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण सांगठनिक चर्चा करने के बाद मुख्यमंत्री अब कोलकाता के लिए उड़ान भरेंगे।
दिल्ली में मुलाकातों का दौर: नितिन नबीन से मिले मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात को सांगठनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी के कई अन्य दिग्गज नेताओं से भी मुलाकात की और प्रदेश के विकास व आगामी रणनीतियों पर चर्चा की।
आज कोलकाता में रात्रि विश्राम, कल शपथ ग्रहण में होंगे शामिल
दिल्ली में दिनभर की बैठकों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कोलकाता के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री आज रात कोलकाता में ही रुकेंगे। 9 मई को मुख्यमंत्री डॉ. यादव एक महत्वपूर्ण शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनेंगे। वे वहां नए मुख्यमंत्री के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं देंगे।
सियासी संदेश और सक्रियता
मुख्यमंत्री की यह सक्रियता दर्शाती है कि मध्य प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी भूमिका और समन्वय मजबूत हो रहा है। दिल्ली में केंद्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन और फिर दूसरे राज्य के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करना, उनके बढ़ते कद का संकेत है।