भोपाल/उज्जैन। 
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज अपना 61वां जन्मदिन मना रहे हैं। प्रदेश भर में हर्ष का माहौल है, सीएम हाउस में बधाइयों का तांता लगा है और सोशल मीडिया पर 'बधाई गान' गूंज रहे हैं। लेकिन इस जन्मदिन पर चर्चा सिर्फ उत्सव की नहीं, बल्कि उनके उस 'मजबूत नेतृत्व' की भी है जिसने पिछले कुछ सालों में मध्य प्रदेश की राजनीति के समीकरण बदल दिए हैं।
महाकाल की भक्ति और 'राजा' का संकल्प
उज्जैन के बारे में एक पुरानी मान्यता है कि कोई भी 'राजा' (मुख्यमंत्री) वहां रात नहीं रुक सकता, वरना उसकी कुर्सी चली जाती है। लेकिन डॉ. मोहन यादव ने इस मिथक को यह कहकर तोड़ दिया कि "मैं राजा नहीं, महाकाल का बेटा हूँ और बेटा अपने घर में क्यों नहीं रुकेगा?" उनके इस साहस और अटूट विश्वास ने उन्हें जनता के बीच एक अलग पहचान दी है।
शिवराज बनाम मोहन: सादगी और स्पष्टता का दौर
वरिष्ठ पत्रकार और 'सबकी खबर' के संपादक रविंद्र जैन के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और डॉ. मोहन यादव की कार्यशैली में बुनियादी फर्क है:
सरलता: डॉ. मोहन यादव के व्यक्तित्व में कोई 'आर्टिफिशियल पना' नहीं है। जो अंदर है, वही बाहर है। 
रिमोट कंट्रोल नहीं: शुरुआत में माना जा रहा था कि वरिष्ठ मंत्री उन्हें नियंत्रित करेंगे, लेकिन डॉ. मोहन ने अपनी लकीर खुद खींची है।
 पूर्वाग्रह से मुक्त: उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे मन में किसी के प्रति द्वेष या अहंकार नहीं रखते।
दिल्ली का 'अभयदान' और अमित शाह का संदेश
राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि क्या मोहन यादव अपना कार्यकाल पूरा करेंगे? इस पर बड़ा खुलासा करते हुए रविंद्र जैन ने बताया कि दिल्ली हाईकमान (अमित शाह) ने स्पष्ट कर दिया है। "मोहन यादव दिल के अच्छे हैं, आप सभी उन्हें मजबूत करने के लिए काम करें।" यह संदेश विरोधियों के लिए एक 'अध्यादेश' की तरह है, जिसने मध्य प्रदेश में उनके नेतृत्व को निर्विवाद बना दिया है।
विकास का नया खाका: उज्जैन से पूरे प्रदेश तक
स्वास्थ्य क्रांति:
कोविड के बाद बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों को देखते हुए सीएम एक विशेष प्लान पर काम कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत उज्जैन से होकर पूरे प्रदेश में फैलेगी।
तीसरी पीढ़ी का नेतृत्व: पटवा जी और शिवराज जी के बाद, बीजेपी ने डॉ. मोहन यादव के रूप में अपनी तीसरी पीढ़ी के सशक्त नेता को मैदान में उतार दिया है।
2023 के 'साधारण पहलवान और मंत्री' से लेकर 2026 के '9 करोड़ जनता के भविष्य' तक का सफर डॉ. मोहन यादव ने बहुत गंभीरता और सहजता से तय किया है। 'सबकी खबर' की टीम की ओर से मुख्यमंत्री जी को जन्मदिन की अनंत शुभकामनाएं।