भोपाल। 
ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच एलपीजी गैस की सप्लाई को लेकर बन रही स्थिति और कमर्शियल गैस की परेशानी के बीच अब कांग्रेस भी मैदान में उतरने की तैयारी में है। कांग्रेस ने एलान किया है कि लोगों को गैस सिलिंडर से जुड़ी दिक्कतों में मदद देने के लिए पार्टी ब्लॉक स्तर पर अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को तैनात करेगी।
ब्लॉक स्तर पर बनेगी मदद की टीम
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र (जीतू) पटवारी ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए पार्टी इसे देश का संकट मान रही है। ऐसे में कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता ब्लॉक स्तर पर लोगों की मदद के लिए तैनात किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हर ब्लॉक में एक-एक जिम्मेदार नेता को इस काम के लिए नियुक्त किया जाएगा।
जल्द जारी होगी नेताओं की सूची
पटवारी ने कहा कि इस व्यवस्था के तहत जो नेता और कार्यकर्ता लोगों की मदद के लिए जिम्मेदारी संभालेंगे, उनकी सूची जल्द ही जारी कर दी जाएगी। इन नेताओं का काम गैस सिलिंडर को लेकर आ रही समस्याओं में आम लोगों की मदद करना होगा। पटवारी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात केंद्र सरकार की विदेश नीति की विफलता का नतीजा हैं। उनकी गलत नीतियों की वजह से आज देश में गैस सिलिंडर को लेकर संकट जैसी स्थिति बन रही है और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
कमर्शियल सिलिंडर बंद होने से रोजगार पर असर
पटवारी ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई प्रभावित होने से छोटे होटल, ढाबे और अन्य कारोबारियों के सामने रोज़गार का संकट खड़ा हो सकता है। इससे हजारों लोगों की रोज़ी-रोटी पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस स्थिति में आम लोगों के साथ खड़ी है और जरूरत पड़ने पर पार्टी कार्यकर्ता हर स्तर पर लोगों की मदद करेंगे। पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जो लाडली बहनों को 1500 रुपए दिए जा रहे हैं, उतने का सिलेंडर जनता को मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति पर ध्यान नहीं दिया गया, तो पेट्रोल की कालाबाजारी भी शुरुआत मध्य प्रदेश में भी हो सकती है।