भोपाल।
मध्य प्रदेश के प्रशासनिक गलियारे से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश के मुख्य सचिव (CS) अनुराग जैन अचानक 5 दिनों के अनिवार्य अवकाश पर चले गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में राज्य की कमान अब वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और अपर मुख्य सचिव (ACS) डॉ. राजेश राजौरा के हाथों में होगी।
राजेश राजौरा को अतिरिक्त प्रभार
मुख्य सचिव अनुराग जैन के अवकाश पर जाने के कारण राज्य सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए डॉ. राजेश राजौरा को मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपने का निर्णय लिया है। राजौरा 1990 बैच के सीनियर आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में उनके पास महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी है। शासन के कामकाज में कोई रुकावट न आए, इसलिए वरिष्ठता के आधार पर राजेश राजौरा को यह जिम्मेदारी दी गई है।  सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा इस संबंध में औपचारिक आदेश कुछ ही देर में जारी कर दिए जाएंगे।
प्रशासनिक हलकों में चर्चा
अनुराग जैन का अचानक छुट्टी पर जाना और राजेश राजौरा को कमान मिलना प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। राजेश राजौरा को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भरोसेमंद अधिकारियों में गिना जाता है, ऐसे में 5 दिनों के लिए ही सही, लेकिन उनका मुख्य सचिव की कुर्सी संभालना काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।