भोपाल। 
राजधानी भोपाल में कांग्रेस विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने प्रेस वार्ता कर पूर्व मंत्री संजय पाठक पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि चार गरीब आदिवासियों के नाम पर 1143 एकड़ जमीन खरीदकर लगभग 5 हजार करोड़ रुपए का बड़ा जमीन घोटाला किया गया है।अलावा के मुताबिक, सहारा समूह से जुड़ी भोपाल, जबलपुर और कटनी की करीब 309 एकड़ बेशकीमती जमीन सहित हजारों एकड़ भूमि का लेन-देन संदिग्ध तरीके से किया गया। उनका आरोप है कि पूरी खरीद-फरोख्त चार आदिवासी कर्मचारियों नत्थू कोल, प्रहलाद कोल और राकेश सिंह गौड़ समेत अन्य के नाम पर की गई, जो कथित तौर पर गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करते हैं।
झुग्गी में रहने वालों के खातों में करोड़ों का ट्रांजैक्शन
अलावा ने कहा कि जिन आदिवासियों के नाम पर जमीन खरीदी गई, वे बेहद गरीब हैं, लेकिन उनके बैंक खातों में करोड़ों रुपए का लेन-देन हुआ। आरोप है कि पूर्व मंत्री से जुड़ी पारिवारिक कंपनियां-निर्मल छाया नेचर रिसोर्ट, बंगाल क्रेडिट और आनंद माइनिंग कॉर्पोरेशन ने इन खातों में राशि ट्रांसफर कर डिंडोरी, जबलपुर, उमरिया, कटनी, मंडला और सिवनी जिलों में बड़े पैमाने पर जमीन खरीदी।
जल-जंगल-जमीन पर डाका
डॉ. अलावा ने कहा कि संविधान में आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के प्रावधान हैं, लेकिन प्रदेश में उनकी जमीन छीने जाने के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों को गुमराह कर उनके नाम पर संपत्तियां खरीदी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे को लगातार विधानसभा में उठाते रहे हैं, लेकिन सरकार जवाब देने से बच रही है।