"परिवहन का 'गोल्डन' खेल: विधानसभा में गूंजी 'सोने की ईंटें', मंत्री बोले—ज्यादा सख्ती नहीं कर सकते!"
भोपाल।
विधानसभा में गुरुवार को परिवहन विभाग की अनुदान मांगों पर चर्चा के दौरान कांग्रेस ने “सोने की ईंटों” के मामले में सरकार को घेरा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सोने की ईंटें निकल रही हैं, विभाग में सख्ती तो करनी पड़ेगी।
ज्यादा सख्ती नहीं कर सकते
जवाब में परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि ज्यादा सख्ती नहीं कर सकते, विभाग भी तो चलाना है। चर्चा की शुरुआत चेक पोस्ट को लेकर हुई। उमंग सिंघार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चेक पोस्ट बंद करने की बात कही थी। इसके बाद कागज में तो चेक पोस्ट बंद कर दिए गए, लेकिन अवैध वसूली जारी है। कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहे हैं। इस पर सरकार को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।
मंत्री ने कहा कि यह सरकार बनने के बाद गडकरी का कोई पत्र नहीं आया। चेक प्वाइंट हम बंद नहीं कर सकते, क्योंकि वहां हमारा एक सिस्टम ऐसा होता है जो जीएसटी और ओवरलोडिंग की जांच के लिए जरूरी है। विसंगतियां दूर करने पर काम किया जा रहा है। परिवहन विभाग के लगभग 18 प्रतिशत कर्मचारी निलंबित या लाइन अटैच हैं। इससे अधिक सख्ती नहीं कर सकते।
सुपर 100 योजना शुरू करने की बात
स्कूल शिक्षा विभाग की चर्चा में मंत्री उदय प्रताप सिंह ने ग्वालियर और जबलपुर में सुपर 100 योजना शुरू करने की बात कही। उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने कहा कि प्रदेश में डिजिटल मूल्यांकन शुरू किया जा रहा है, जिससे परीक्षा परिणाम जल्दी आएंगे। अतिथि विद्वानों की नीति पर हरियाणा मॉडल का अध्ययन हो रहा है। इलेक्ट्रो होम्योपैथी पाठ्यक्रम बंद किया गया है, जबकि आयुर्वेद शोध के लिए नए केंद्र स्थापित होंगे।

जबलपुर में 9 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला उजागर
क्या है सिटी गैस परियोजना? जानिए पूरी योजना की खास बातें