भोपाल।
मध्य प्रदेश सरकार का शासकीय कैलेंडर अब विवादों में घिर गया है। कैलेंडर पर छपी हिरण की तस्वीर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा कर कहा कि कैलेंडर में जिस हिरण को दर्शाया गया है, वह न तो मध्य प्रदेश में पाया जाता है और न ही भारत में। पूर्व सीएम के मुताबिक यह हिरण इम्पाला है, जो अफ्रीका में पाया जाने वाला वन्यजीव है। उन्होंने मुख्यमंत्री से शासकीय प्रकाशनों में प्रयुक्त चित्रों के चयन पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसी चूक से सरकार की गंभीरता पर प्रश्न खड़े होते हैं। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।  विपक्ष इसे सरकारी लापरवाही बता रहा है, वहीं अब तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।