भोपाल। 
मध्य प्रदेश विधानसभा में ‘जी-राम-जी योजना’ पर चर्चा के दौरान माहौल उस वक्त गरमा गया, जब पक्ष और विपक्ष के बीच रामभक्ति को लेकर तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। इसी बीच कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी से भगवान श्रीराम की माता का नाम पूछ लिया।
क्या हुआ सदन में?
चर्चा के दौरान दोनों दलों के सदस्य एक-दूसरे पर रामभक्ति को लेकर सवाल उठा रहे थे। कांग्रेस विधायक ने भाजपा विधायक से सीधे सवाल किया – “भगवान राम की माता का नाम बताइए।” कांग्रेस का दावा है कि भाजपा विधायक जवाब नहीं दे सके। इस पर भाजपा विधायक ने पलटवार करते हुए कहा कि वे कांग्रेस विधायक को जवाब देने के लिए बाध्य नहीं हैं।
भाजपा विधायक का जवाब
प्रीतम सिंह लोधी ने कहा कि उन्होंने भी कांग्रेस विधायक से कौरवों के नाम पूछे थे, जिनका जवाब वे नहीं दे पाए। उनका कहना है कि अगर वे जवाब देते, तो वे भी बता देते।
सियासी बयानबाज़ी तेज
घटना के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या भगवान राम का नाम सिर्फ वोट मांगने के लिए लिया जाता है? वहीं भाजपा विधायक ने आरोपों को सियासी ड्रामा बताया है। इस घटनाक्रम के बाद सदन में कुछ देर के लिए माहौल तल्ख हो गया और अब यह मामला राजनीतिक बयानबाज़ी का विषय बन गया है।