भोपाल। 
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एमपी में फैले नक्सलवाद की सांप से तुलना करते हुए कहा है कि एक कमरे में मखमल के गद्दे पर किसी को सोने के लिए कह दिया जाए और उस कमरे में सांप घूमते रहें तो यह कैसे हो सकता है कि कोई आसानी से सो सके लेकिन हमारे लिए यह गौरव की बात है कि पुलिस ने इस समस्या को समझा और सांप के फन कुचलकर नक्सल मूवमेंट को खत्म करने का काम किया है। सीएम डॉ यादव ने आईपीएस सर्विस मीट का शुभारंभ करने के दौरान ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि परिवार और व्यक्तिगत जिन्दगी को छोड़ पुलिस लोगों के लिए काम करती है। हमारे भारत की पुलिस अनुशासन की उत्कृष्ट मिसाल है। सीएम यादव ने कहा कि आजादी के दौरान भारत और पाकिस्तान दोनों ही आजाद हुए लेकिन पाकिस्तान में कभी भी तख्ता पलट हो जाता है। हमारे यहां आईएएस, आईपीएस अफसरों ने लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सारे विभाग महत्वपूर्ण हैं लेकिन पुलिस की चुनौतियां अलग हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में संगठित अपराध के लिए कोई स्थान नहीं है। हमें मध्य प्रदेश को आंतरिक सुरक्षा का आदर्श प्रदेश बनाए रखने का लक्ष्य लेकर चलना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पुलिस को जल्द ही प्रमोशन की स्वीकृति का समाचार मिलेगा। इसके साथ ही पुलिस विभाग में पर्याप्त भर्तियां की जाएंगी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर विधिवत रूप से सर्विस मीट का शुभारंभ किया। डॉ. यादव ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी में कई तरह की चुनौतियां होती हैं। इसके बावजूद वे अपनी ड्यूटी में लगे रहते हैं। सभी पुलिसकर्मी अभिनंदन के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार के लिए वर्ष 2025 उपलब्धियों से भरा रहा है। प्रदेश सरकार और पुलिस नए अनुभवों के साथ आगे बढ़ रही है।