भोपाल। 
महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवी राज सक्सेना से 4 दिसंबर को शादी के बाद चर्चा में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी से भाजपा ने दूरी बना ली है। भाजपा संगठन ने कहा है कि दीपक जोशी की पार्टी में वापसी नहीं हुई है। वे प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं। दीपक जोशी ने 6 मई 2023 को भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। इसके बाद उन्होंने देवास जिले की खातेगांव विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। चुनाव हारने के बाद बुधनी विधानसभा उपचुनाव के दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में मंच से भाजपा में घर वापसी का ऐलान किया था। अब बीजेपी ने दीपक की शादियों को लेकर विवाद के बीच देवास के भाजपा जिला अध्यक्ष राय सिंह सेंधव और बीजेपी के प्रदेश महामंत्री व कार्यालय प्रभारी रहे भगवानदास सबनानी ने कहा कि दीपक की बीजेपी में वापसी नहीं हुई है। सेंधव ने कहा- दीपक कांग्रेस में चले गए थे। किसी आम सभा में शिवराज जी ने उन्हें दुपट्‌टा पहनाया होगा, लेकिन जब हमारे तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और हितानंद जी थे उस समय सदस्यता ग्रहण नहीं की थी।
11 मार्च को टल गई थी बीजेपी में वापसी
पिछले साल लोकसभा चुनाव के दौरान 11 मार्च को दीपक जोशी की बीजेपी में वापसी होने वाली थी। उन्होंने दैनिक भास्कर से फोन पर कहा था मैं तो सुबह का भूला हूं, शाम को घर लौट रहा हूं। पार्टी ने 11:30 बजे तक भोपाल कार्यालय पहुंचने को बोला है, लेकिन इसके बाद बीजेपी में उनकी वापसी नहीं हो पाई। उस दिन खुरई के पूर्व विधायक अरुणोदय चौबे और पन्ना की गुन्नौर के पूर्व विधायक शिवदयाल बागरी बीजेपी में शामिल हुए थे, लेकिन दीपक जोशी बीजेपी ऑफिस नहीं पहुंचे। उस वक्त संगठन ने दीपक की घर वापसी को हरी झंडी नहीं दी थी।