भोपाल।
मध्य प्रदेश विकास की रफ्तार में देश के कई राज्यों की पीछे छोड़ रहा है. 2025 भी प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित हुआ है, शायद यही वजह है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मध्य प्रदेश के फैन हो गए हैं. पीएम मोदी को मध्य प्रदेश से कितना लगाव है, इस बात का सबूत हैं इस साल उनके द्वार किए गए 'मन की बात' कार्यक्रम और उनमें मध्य प्रदेश का जिक्र. वर्ष 2025 की शुरुआत से लेकर अबतक पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रमों में छह बार से ज्यादा मध्य प्रदेश को याद किया और हर छोटी-बड़ी उपलब्धि को सराहा.
रातापानी टाइगर रिजर्व और ग्वालियर का जिक्र
'मन की बात' कार्यक्रम के 118वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश का नाम लेते हुए रातापानी टाइगर रिजर्व का जिक्र किया. दिसंबर 2024 में रातापानी को टाइगर रिजर्व घोषित किया गया था, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए साल (2025) पर अपने पॉडकास्ट में इसका जिक्र किया. उन्होंने कहा, '' हमारी संस्कृति और विरासत हमें अपने आस-पास के वन्य जीवों और पक्षियों के साथ प्यार से रहने की सीख देती है. देश में दो नए टाइगर रिजर्व प्रारंभ होने से पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं के साथ हमारा रिश्ता और मजबूत होगा. इसके साथ ही मन की बात के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने भारत में डेवलप किए जा रहे नए स्टार्टअप सेंटर्स में शामिल शहरों का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर का भी नाम लिया.
मध्य प्रदेश के देव कुमार मीना की तारीफ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी 2025 के मन की बात कार्यक्रम में खेलो इंडिया अभियान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारकों में से एक पोल वॉल्टर देव कुमार मीना की तारीफ की. मध्य प्रदेश के 19 साल के देव कुमार भारत के एक पोल वॉल्टर खिलाड़ी हैं, जिन्होंने इतनी सी उम्र में कई बार पुरुषों के पोल वॉल्ट खेल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़े हैं.