भोपाल। 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के छोटे बेटे डॉ. अभिमन्यु और बहू डॉ. इशिता नर्मदा परिक्रमा पर निकले हैं। सोमवार 22 दिसंबर को ओंकारेश्वर से दोनों ने नर्मदा यात्रा की शुरुआत की है। पिछले महीने 30 नवंबर को उज्जैन में सामूहिक विवाह सम्मेलन में अभिमन्यु खरगोन जिले की डॉ. इशिता के साथ विवाह के बंधन में बंधे थे। शादी के 21 दिन बाद ही वे नर्मदा यात्रा पर निकले हैं। नवविवाहित जोड़े अभिमन्यु और इशिता के साथ नर्मदा परिक्रमा पर उनकी बड़ी बहन डॉ. आकांक्षा यादव, जीजा जी और बडे़ भाई वैभव यादव- भाभी भी साथ में नर्मदा यात्रा कर रहे हैं।
15 दिन में होगी पूरी यात्रा
ओंकारेश्वर से शुरू हुई नर्मदा परिक्रमा करीब 15 दिनों में पूरी होगी। ओंकारेश्वर से महेश्वर, बड़वानी, राजपीपला गरुड़ेश्वर (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र), भरूच होते हुए नर्मदा सागर संगम (खंभात की खाड़ी) जाकर यह यात्रा पूरी होगी।
सीएम के बेटे की शादी में बाबा रामदेव ने पढ़े मंत्र
पिछले महीने 30 नवंबर को उज्जैन के सांवराखेड़ी में मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव के बेटे अभिमन्यु और डॉ. इशिता की शादी की रस्में सामूहिक सम्मेलन में संपन्न हुईं थीं। वरमाला के दौरान बाबा रामदेव ने मंत्र पढ़कर वरमाला की रस्म कराई थी। सामूहिक विवाह समारोह में अभिमन्यु इशिता के साथ 22 जोड़ों ने फेरे लिए थे। सामूहिक सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मंत्री तुलसी सिलावट, कथावाचक पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री और अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी सहित कई हस्तियां पहुंची थीं।