भोपाल।
मध्य प्रदेश की राजनीति में अलग पहचान रखने वाले पूर्व मंत्री दीपक जोशी इन दिनों अपने राजनीतिक जीवन से कहीं ज्यादा निजी जीवन को लेकर सुर्खियों में हैं। एक-एक कर तीन महिलाओं के उनकी पत्नी होने के दावों ने एक ऐसे विवाद को जन्म दे दिया है, जो सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारे तक छाया है। यह मामला 4 दिसंबर 2025 को तब सार्वजनिक हुआ, जब महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवी राज सक्सेना ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें दीपक जोशी उनकी मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आते ही यह विवाद सिर्फ एक शादी तक सीमित नहीं रहा। दो और महिलाएं, नम्रता जोशी और शिखा जोशी ने भी दीपक जोशी की पत्नी होने का दावा ठोंक दिया। जिससे यह सवाल खड़ा हो गया कि आखिर दीपक जोशी की वास्तविक पत्नी कौन है? इस 'तीन पत्नियों' के त्रिकोण के बीच, अब शिखा जोशी खुलकर दीपक जोशी के बचाव में उतर आई हैं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को एक सोची-समझी साजिश और 'हनी ट्रैप' करार देते हुए दावा किया है कि उनके 'पति' निर्दोष हैं और उन्हें जानबूझकर फंसाया जा रहा है। वह इस मामले को कानूनी अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शिखा का कहना है, 'मैं मरते दम तक अपने सिंदूर और मंगलसूत्र की लाज रखूंगी। मेरे पति निर्दोष हैं और मैं आखिरी सांस तक उनके साथ खड़ी रहूंगी।
शिखा जोशी का पलटवार- यह साजिश है, इत्तफाक नहीं
इस पूरे प्रकरण में सबसे आक्रामक रुख शिखा जोशी ने अपनाया है। उन्होंने सीधे तौर पर पल्लवी सक्सेना और नम्रता जोशी पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह पूरा विवाद योजनाबद्ध तरीके से रचा गया है। शिखा का दावा है कि पल्लवी और नम्रता आपस में गहरी दोस्त हैं। उन्होंने सवाल उठाया- अगर ये सब साजिश नहीं है तो फिर क्या है? मैं इतने साल से दीपक जी की पत्नी हूं। क्या कभी मेरे या मेरे पति के खिलाफ इस तरह की कोई खबर सामने आई? 2025 से पहले ऐसा कुछ भी नहीं था, फिर अचानक अब ही यह सब क्यों सामने आ रहा है?
हनी ट्रैप का गंभीर आरोप और कानूनी कार्रवाई की तैयारी
शिखा जोशी इस मामले को एक कदम और आगे ले जाते हुए इसे 'हनी ट्रैप' से जोड़ रही हैं। उन्होंने कहा, 'इन लोगों की पूरी गैंग है। यह सिर्फ दो-तीन महिलाओं का काम नहीं, बल्कि चार-पांच लोग मिलकर यह सब कर रहे हैं। मेरे पति को हनी ट्रैप के तहत फंसाने की कोशिश की जा रही है।'उन्होंने यह भी साफ किया कि वह इन आरोपों को सिर्फ हवा में नहीं उछाल रहीं, बल्कि इस मामले को कानूनी अंजाम तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। शिखा ने बताया कि वह इस पूरे मामले को लेकर दिल्ली में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी हैं। उनका कहना है कि वह हर कॉल, मैसेज और डिजिटल सबूत की विस्तृत जांच करवाएंगी ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके।