मध्य प्रदेश पुलिस के सभी ट्रेनिंग सेंटर में रामचरित मानस के बाद अब गूंजेगा गीता पाठ
भोपाल।
मध्य प्रदेश पुलिस के सभी ट्रेनिंग सेंटर्स को निर्देश जारी कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कांस्टेबलों के लिए भागवद् गीता पाठ का निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल इन केंद्रों पर रामचरितमानस का पाठ और शिक्षा दी जाती है. पुलिस प्रशिक्षण शाखा ने अब अपने सभी केंद्रों को रंगरूटों के लिए भागवद् गीता पाठ सत्र आयोजित करने का निर्देश दिया है, क्योंकि इससे उन्हें धार्मिक जीवन जीने में मदद मिलेगी. इससे जीवन में नैतिकता और मर्यादा बढ़ेगी.
रामचरित मानस के पाठ से जीवन मर्यादित होता है
ये निर्देश अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) राजा बाबू सिंह ने राज्य के सभी आठों प्रशिक्षण विद्यालयों के अधीक्षकों को जारी किए हैं. इन प्रशिक्षण केंद्रों में लगभग 4,000 युवक-युवतियां जुलाई से 09 महीने का कांस्टेबल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. राजा बाबू सिंह ने बीते जुलाई में प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन करते हुए इन संस्थानों में रामचरितमानस का पाठ करने का निर्देश दिया था और कहा था कि इससे उनमें अनुशासन आएगा. रामचरितमानस में भगवान राम के गुणों और उनके 14 साल के वनवास का वर्णन है.
गीता पढ़ने से जीवन जीने की कला आती है
1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी राजा बाबू सिंह ने प्रशिक्षण विद्यालयों के निदेशकों से कहा "भागवद् गीता के कम से कम एक अध्याय का पाठ अवश्य करवाएं." उन्होंने निर्देश दिया "यह प्रशिक्षुओं के दैनिक ध्यान सत्र से ठीक पहले किया जा सकता है." एडीजी ने प्रशिक्षण विद्यालयों को दिए अपने संदेश में कहा, "भगवद् गीता हमारा शाश्वत धर्मग्रंथ है. इसका नियमित पाठ निश्चित रूप से हमारे प्रशिक्षुओं को धार्मिक जीवन जीने के लिए प्रेरित करेगा और उनका जीवन बेहतर होगा."
कैदियों को वितरित कर चुके हैं गीता की प्रतियां
इससे पहले एडीजी राजा बाबू सिंह ने 2019 में ग्वालियर रेंज के पुलिस प्रमुख के रूप में कार्य करते हुए इसी तरह का एक अभियान शुरू किया था और कई स्थानीय जेल कैदियों और अन्य लोगों को भागवद् गीता की प्रतियां वितरित की थीं. एडीजी का मानना है कि रामचरित मानस और गीता का पाठ करने से जीवन का असली सार पता चलता है. जीवन जीने की कला आती है. जीवन में मर्यादा, नैतिकता, ईमानदारी का कितना महत्व है, ये भी पता चलता है.

वैश्विक अनिश्चितता के बावजूद भारत में विनिर्माण रफ्तार तेज, PMI 54.7
विदेश मंत्री जयशंकर की कूटनीति, जमैका को दिया इलेक्ट्रॉनिक स्कोरबोर्ड
तमिलनाडु में CM समेत DMK के 15 मंत्री पीछे, पश्चिम बंगाल में भाजपा का जश्न शुरू
सीएम आज करेंगे राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मेलन का शुभारंभ, 20 हजार दुग्ध उत्पादक होंगे शामिल
‘धुरंधर’ विवाद पर जावेद अख्तर बोले—हर फिल्म का अपना नजरिया होता है