भोपाल। 
राहुल गांधी के 'वोट चोरी' वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद एक बार फिर भाजपा की ओर से प्रतिक्रियाएं सामने आना शुरु हो गई हैं। इस बार मध्य प्रदेश की मोहन सरकार में कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर जोरदार पलटवार किया है। इस दोरान उन्होंने एक विवादित टिप्पणी करते हुए कहा- 'सबसे पहली वोट चोरी नेहरू जी ने की है।'
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि, राहुल गांधी हर दो-तीन महीने में बिना तथ्यों के कोई न कोई नया प्रोपेगेंडा तैयार करने में माहिर हो गए हैं। 'कांग्रेस का डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट बिना किसी तथ्य के राहुल गांधी को कोई भी मुद्दा थमा देता है। न उन्हें पूरी जानकारी होती, न ही वो सच्चाई जानते, फिर भी जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।' उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 'राहुल गांधी ना चुनाव आयोग में शिकायत करते और ना ही कोर्ट जाते, क्योंकि उनके पास कोई सबूत नहीं होता।'
'नेहरू जी ने की पहली वोट चोरी'
विश्वास सारंग ने राहुल गांधी के परिवार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा- 'राहुल गांधी के परिवार ने हर समय वोट चोरी की है। जब नेहरू जी ही वोट चोरी करके प्रधानमंत्री बने थे तो राहुल गांधी को लगता है कि, वही परंपरा आज भी चल रही है। लेकिन, अब ऐसा नहीं है।' मंत्री सारंग ने कहा कि, टचुनाव आयोग पर सवाल उठाकर राहुल गांधी देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान कर रहे हैं।