भोपाल।
सोशल मीडिया पर पुलिसकर्मियों के साथ गाली गलौज करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। गाली गलौज कर रहे लोग भोपाल एम्स के डॉक्टर थे। पुलिसकर्मियों के साथ बदतमीजी के साथ-साथ ही उन्हें धमकी भी दी थी। वीडियो सामने आने के बाद हंड़कंप मच गया था। एक कॉन्स्टेबल की शिकायत पर दो डॉक्टरों पर एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही एम्स प्रबंधन ने शराबखोरी को लेकर एक जूनियर रेजिडेंट को सस्पेंड कर दिया है।
पुलिस ने दो डॉक्टरों पर दर्ज किया केस
वहीं, कॉन्स्टेबल अजय गुर्जर की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। डॉक्टर साहिल और डॉ प्रकल्प गुप्ता पर एफआईआर हुई है। इन पर काम में बाधा डालने, मोबाइल छीनने और पुलिसकर्मियों से गाली गलौज का आरोप है। इसके साथ ही जूनियर रेजिडेंट प्रकल्प को एम्स प्रबंधन ने चार सप्ताह के लिए सस्पेंड कर दिया है।
पुलिस के साथ गाली गलौज कर रहे थे ये लोग
दरअसल, एम्स के डॉक्टर अस्पताल के गेट पर शराब पी रहे थे। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ये लोग गाड़ी के ऊपर बीयर की बोतल रखे हुए थे। गश्त के दौरान पुलिस की टीम वहां पहुंची तो ये लोग गाली गलौज करने लगे। साथ ही गाली देते हुए कहा कि हम तुम्हारे 10 थानों के अफसरों को जानता हूं। डॉक्टर पुलिसकर्मियों की मां-बहन को गाली दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ा।