भोपाल।
मध्य प्रदेश के आदिवासी युवक-युवतियां जल्द ही प्रदेश में एक और फिल्म बनाने जा रहे हैं. यह फिल्म स्वतंत्रता संग्राम के आदिवासी नायक टंट्या मामा के ऊपर बनाई जाएगी. पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य सभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इस फिल्म को बनाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है. प्रस्ताव लेकर वे विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बंगले पर पहुंचे. दिग्विजय सिंह ने उमंग सिंघार से मुलाकात कर कहा कि "वे फिल्म के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव से समय लें और फिल्म बनवाने में मदद करने की मांग करें."
'आदिवासी नायकों पर बने फिल्म'
दिग्विजय सिंह ने कहा कि "इसके पहले मध्य प्रदेश के आदिवासी युवक युवतियों ने जंगल सत्याग्रह फिल्म बनाई थी. इस फिल्म को बनाने में फिल्म निर्माण, लेखन, एक्टिंग जैसे सभी कामों को प्रदेश के आदिवासी युवक-युवतियों ने ही किया था. इसी तरह अब प्रदेश के आदिवासी नायक टंट्या मामा भील पर भी फिल्म बनानी चाहिए. इसके बाद रघुनाथ शाह, शंकर शाह और फिर रानी दुर्गावती पर भी फिल्म निर्माण होना चाहिए." उमंग सिंघार से मिलकर निकले दिग्विजय सिंह ने सरकार पर भी निशाना साधा.
'ओबीसी रिजर्वेशन विरोधी रही है आरएसएस'
दिग्विजय सिंह ने ओबीसी आरक्षण को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा. दिग्विजय सिंह ने कहा कि "बीजेपी और आरएसएस दोनों ही आरक्षण विरोधी रहे हैं. मंडल कमीशन का आरएसएस ने विरोध किया था. ओबीसी रिजर्वेशन के खिलाफ पूरा आंदोलन किया था. कुछ लोगों को सिर्फ पद बांट देने से कुछ नहीं होता है. बीजेपी ने यूनिवर्सिटी और दूसरी संस्थाओं में जो भी नियुक्तियां की हैं, उसमें अपर कास्ट को बैठाया है और सारे के सारे भ्रष्टाचार कर रहे हैं."