भोपाल। 
बीते दिनों सिवनी कलेक्टर का तबादला होने पर लोगों ने पालकी पर बैठाकर उन्हें भव्य विदाई दी थी, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद कलेक्टर संस्कृति जैन चर्चा में आईं. वे 2015 बैच की आईएएस अधिकारी हैं. उन्होंने रविवार को भोपाल नगर निगम के आयुक्त का चार्ज संभाल लिया है. खास बात यह रही कि संस्कृत जैन ने छुट्टी वाले दिन निगम आयुक्त का पदभार ग्रहण किया है. हालांकि, पहले वह सोमवार को चार्ज लेने वाली थीं, लेकिन नगरीय प्रशासन में प्रदेश के सभी निगमों के कमिश्नर और स्मार्ट सिटी के सीईओ की बैठक होनी थी. इसलिए वह एक दिन पहले ही भोपाल आ गईं.
नगर निगम भोपाल की 46वीं आयुक्त
साल 1970 में गठित नगर निगम भोपाल की आईएएस संस्कृति जैन 46वीं कमिश्नर हैं. वहीं संस्कृति जैन से पहले निगम में 2 और महिला अधिकारी नगर निगम की कमान संभाल चुकी हैं. यानि संस्कृति जैन नगर निगम की तीसरी महिला कमिश्नर हैं. रविवार दोपहर ढाई बजे उन्होंने साल 2017 बैच की आईएएस अफसर अंजू अरुण कुमार से चार्ज लिया. वर्तमान में अंजू अरुण कुमार स्मार्ट सिटी की सीईओ और नगर निगम की अपर आयुक्त हैं.
चार्ज संभालते ही अधिकारियों संग की बैठक
संस्कृति जैन ने रविवार को करीब ढाई बजे चार्ज लेने के बाद डायरेक्टरेट पहुंची. वहां देर शाम बैठक से लौटकर उन्होंने निगम के अपर आयुक्तों के साथ भी बैठक की. संस्कृति जैन के पदभार ग्रहण करने के बाद भोपाल नगर निगम में आईएएस की संख्या 3 हो गई है. इसके साथ ही सोमवार को संस्कृति जैन नगर निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी के सीईओ की बैठक में शामिल होंगी.
नवागत निगमायुक्त के सामने ये भी चुनौतियां
नवागत कमिश्नर संस्कृति जैन के सामने कई चुनौतियां हैं. आदमपुर छावनी स्थित लैंडफिल साइट का मामला एनजीटी से लेकर सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है. लगातार कंपनियों के भाग जाने के बाद से वेस्ट प्रोसेसिंग का काम निगम खुद अपने संसाधनों से कर रहा है. ऐसे में लगातार लैंडफिल साइट पर कचरे के पहाड़ बनते जा रहे हैं.
स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियां भी महत्वपूर्ण
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों में निगम लगातार पिछड़ रहा है. नगरवासियों का ऐसा दावा है कि शहर की सफाई व्यवस्था अनट्रेंड कर्मचारी संभाल रहे हैं. वहीं, निगम के 2 अधिकारियों का ट्रांसफर 3 महीने पहले हो चुका है, लेकिन वर्तमान में वह अपने पदों पर काबिज हैं और कोर्ट से स्टे का हवाला देकर निगम से जाने को तैयार नहीं है. हालांकि, स्टे नहीं मिला है.