भोपाल सांसद बोले: चिंटू के पीछे पटवारी मास्टर माइंड, दिग्गी को अब हिमालय चले जाना चाहिए
भोपाल।
इंदौर में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के दौरे पर समन्वय समिति की बैठक में सवाल उठाने वाले शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के मामले पर जीतू पटवारी ने चुप्पी साध ली है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी से जब चिंटू चौकसे के बयान पर सवाल पूछा तो उन्होंने पूरा सवाल सुनने के बाद दूसरी तरफ मुंह मोड लिया। पटवारी बिना जवाब दिए ही पीसीसी से रवाना हो गए। वे भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
सांसद बोले: जिलाध्यक्ष के स्टेटमेंट के पीछे पटवारी मास्टरमाइंड
इधर दिग्विजय के दौरे पर इंदौर के शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे के बयान पर भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने कहा- कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने जिस प्रकार से बयान दिया है वो कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह का अपमान है। इस स्टेटमेंट के पीछे का मास्टरमाइंड और ब्रेन जीतू पटवारी हैं।
दिग्विजय का अपमान उन्हीं की पार्टी के लोग कर रहे
सांसद आलोक शर्मा ने कहा- जीतू पटवारी प्रदेश अध्यक्ष हैं वो अपने पट्ठे को जिला अध्यक्ष बनवाते हैं। कोई बात सामने से न कहकर पीछे से दिग्विजय सिंह के ऊपर इस प्रकार से हमला कराना। ये कहीं न कहीं दिग्विजय सिंह का अपमान है। मुझे लगता है कि दिग्विजय सिंह को भी आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्हीं की पार्टी के लोग उनका अपमान कर रहे हैं।
दिग्विजय को हिमालय चले जाना चाहिए
भोपाल सांसद ने कहा- उन्हीं के जिला अध्यक्ष कह रहे कि बिना पूछे आ जाते हैं। हमारे यहां तो ये होता है कि वरिष्ठ नेता कहीं पर जाते हैं तो जिला अध्यक्ष पूछते हैं कि आप कितने बजे आ रहे हैं कितने बजे कहां जा रहे हैं हम आपको लेने आ जाएं? कांग्रेस में तो ठीक इसके विपरीत हो रहा है। दिग्विजय सिंह को आत्मचिंतन करना चाहिए। उन्हें संन्यास लेकर हिमालय की कंदराओं में जाना चाहिए और कांग्रेस की दुर्दशा पर विचार करना चाहिए।

सरकारी नौकरी में यूपी अव्वल? CM योगी ने पेश किया आंकड़ा