भोपाल।
मध्य प्रदेश की माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय का स्टूडेंट्स और एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष को साइबर सेल ने साइबर जालसाजी के मामले में गिरफ्तार किया है. अरोपी अमन कुमार ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों के फर्जी बैंक अकाउंट खुलवाए और फिर इन अकाउंट का उपयोग जालसाजी की रकम के लिए किया गया. इन अकाउंट के जरिए करीबन 3 करोड़ के लेनदेन का पता चला है. मामले के तार पाकिस्तान से भी जुड़ रहे हैं. उधर इस मामले में बीजेपी ने आरोपी के एनएसयूआई से जुड़े होने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है.
500 का लालच देकर खुलवाए खाते
साइबर फ्रॉड के मामले में गिरफ्त में आए आरोपी अमन कुमार पर आरोप है कि भोपाल में पढ़ाई के दौरान जालसाजी के इस धंधे में उतर गया था. पुलिस पूछताछ में पता चला है कि भोपाल में पढ़ाई के दौरान उसने भोपाल से सटे ग्रामीण इलाकों में गरीबों को 500 रुपए अकाउंट में आने का लालच दिया और उनके अकाउंट भारतीय डाक भुगतान बैंक में खुलवा दिए. इस तरह अमन ने करीबन 250 से ज्यादा अकाउंट खुलवाए. भोपाल के अलावा अमन ने बिहार में भी इसी तरह का फॉड किया. बाद में इनका उपयोग फर्जीवाड़े के लिए होने लगा. इन अकाउंट में फ्रॉड की 3 करोड़ की रकम पहुंची, लेकिन लोगों को इसका पता तब चला, जब पुलिस के नोटिस इन लोगों के पास पहुंचे और अकाउंट फ्रीज करा दिए गए. पूछताछ में पता चला कि अमन कुमार ने इन लोगों के डॉक्युमेंट लेकर यह अकाउंट खुलवाए हैं. इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया.
पाकिस्तान कनेक्शन आया सामने
बिहार की मोतिहारी पुलिस द्वारा आरोपी से की गई पूछताछ में पता चला है कि अमन कुमार और उसका दोस्त इरशाद एक पाकिस्तानी अरशद के संपर्क में था. अमन की अरशद से सोशल मीडिया पर दोस्ती इरशाद ने कराई थी. सोशल मीडिया पर कुछ दिनों के बातचीत के बाद पाकिस्तानी अरशद ने अमन को अकाउंट खुलवाने का ऑफर दिया और कहा कि उसे हर अकाउंट पर 2500 से 5 हजार रुपए दिए जाएंगे. इसके बाद अमन ने दोस्त विशाल, निखिल और सद्दाम के साथ मिलकर गांवों के लोगों के अकाउंट खुलाए थे.
बीजेपी ने साधा कांग्रेस पर निशाना
उधर इस मामले में बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता आशीष अग्रवाल ने एक फोटो एक्स पर जीतू पटवारी का एक फोटो शेयर किया. साथ ही पोस्ट में लिखा कि "कांग्रेस का हाथ फिर देश विरोधी ताकतों के साथ. कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई का असली चेहरा एक बार फिर सामने आया है. माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय के एनएसयूआइ्र इकाई के पूर्व अध्यक्ष अमन कुमार को बिहार से गिरफ्तार किया गया है. बिहार पुलिस को उसके मोबाइल से पाकिस्तानी जालसाजों से गहरे संबंधों के पुख्ता सबूत मिले हैं. क्या यही कारण है कि कांग्रेस बार-बार भारत की सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसी वीरतापूर्ण कार्रवाइयों पर सवाल उठाती है?"