फ्री हेलमेट के लिए छीनाझपटी; बॉक्स लेकर भागे लोग:सीएम के प्रोग्राम में पहुंची भीड़, हेलमेट के लिए ट्रक के पीछे लगे लोग
भोपाल।
भोपाल के अटल पथ पर शनिवार को हेलमेट के लिए छीना-झपटी और धक्का-मुक्की हो गई। जिला प्रशासन की फ्री में हेलमेट बांटने की खबर सुनकर लोग यहां पहुंचे थे। कई लोग तो काउंटर से ही हेलमेट भरे बॉक्स लेकर भाग निकले। जब दो ट्रक में हेलमेट वापस जाने लगे तो लोग उसका पीछा करने लग गए।
सेवा पखवाड़े के तहत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को अटल पथ से बाइक सवारों को हेलमेट पहनाए और फिर रैली को रवाना किया। इससे पहले प्रशासन ने भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स, पेट्रोल डीलर एसोसिएशन आदि संस्थाओं की मदद से करीब 2100 हेलमेट बांटे।
कार्यक्रम में मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यती, राहुल कोठारी, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह, पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र, बीसीसीआई अध्यक्ष तेजकुल पाल सिंह पाली, सुनील जैन, संजीव जैन आदि भी मौजूद थे।
इसलिए यह कार्यक्रम
बता दें कि साल 2021 से 2025 तक भोपाल में 912 सड़क हादसों में 543 बाइक सवारों की मौत हेलमेट न पहनने से हुई। लोगों को जागरूक कर मौतें कम करने के लिए हेलमेट निशुल्क बांटे गए।
सीएम बोले-हेलमेट पहनना बहुत जरूरी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निशुल्क हेलमेट वितरण कार्यक्रम में कहा, नवरात्रि के पावन पर्व पर शक्ति का सृजन जरूरी है। शक्ति सदुपयोग में राइड भी जरूरी है, लेकिन राइड में हम कहीं दुर्घटना के शिकार न हो जाए, इसके लिए हेलमेट पहनना बहुत जरूरी है। युवा साथी तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर लापरवाही न करें। एक जिम्मेदार नागरिक बनिए। हमने राष्ट्रीय राजमार्ग, चेक पोस्ट, एक्सप्रेस-वे पर सेंसर तकनीक, पेट्रोलिंग दस्ते के माध्यम से दुर्घटनाओं को रोकने का प्रयास किया। दुर्भाग्य से अगर दुर्घटना घट गई तो सरकार आपके साथ खड़ी है। ये हेलमेट हमारा सुरक्षा कवच है।
युवक बोला-सड़क पर बहुत गड्ढे हैं, इसे भी सरकार सुधारे
हेलमेट पाने के लिए पहुंचे बाणगंगा के अर्जुन पाल ने बताया, मुझे रैली में किसी ने नहीं बुलाया। मैं यहां गुजर रहा था। मुझे हेलमेट मिल गया। यह अच्छी पहल है, लेकिन भोपाल की सड़कें बहुत खराब है। भदभदा से प्रेमपुरा तक सड़क जर्जर है। डर लगता है कि कहीं हादसा न हो जाए। सरकार इसके लिए भी ध्यान दें तो अच्छा रहेगा।

यूपी हादसा: 4 बच्चे चढ़े टंकी पर, 3 गिरे; 2 का हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू
2025-26 में ED का एक्शन मोड: हजारों रेड, पर कम हुई गिरफ्तारियां
बरगी क्रूज त्रासदी: "हमें भीख नहीं इंसाफ चाहिए", अपनों को खोने वालों का फूटा गुस्सा; अब तक 13 शव बरामद
बरगी बांध हादसा: विमान में खराबी से 4 घंटे एयरपोर्ट पर रुका शव
नए SP अनुराग सुजानिया: किन जिलों में कर चुके हैं सेवा, अब सागर में जिम्मेदारी