भोपाल। 
प्रदेश की राजनीति में इस समय संगठन और सरकार दोनों स्तर पर नियुक्तियों को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी बीच शुक्रवार देर शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से उनके प्रोफेसर कॉलोनी स्थित निवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में चर्चा चली। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के बीच हुई इस चर्चा को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुलाकात को सौजन्य भेंट बताया।  बता दें, मध्य प्रदेश में लंबे समय से निगम-मंडल में नियुक्तियां अटकी हुई हैं। चर्चा है कि पितृपक्ष की समाप्ति के बाद भाजपा संगठन और सरकार मिलकर निर्णय ले सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश संगठन की टीम इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभा रही है। माना जा रहा है कि नवरात्रि के दौरान नेताओं को निगम मंडल में नियुक्तियां की जा सकती है।
ग्वालियर की सड़कों पर बढ़ा विवाद
यहीं नहीं, ग्वालियर में सड़कों की खराब हालत को लेकर सियासत तेज हो गई है। शहर में जगह-जगह सड़कों के धंसने और टूट-फूट की शिकायतों ने भाजपा के भीतर ही खींचतान को हवा दी है। हाल ही में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक बुलाकर सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कई स्थानों पर मरम्मत का काम भी शुरू किया गया है।