भोपाल। 
मध्य प्रदेश की राजनीति में कुछ खिचड़ी पक रही है. अंदरखाने से खबर भले कुछ बाहर नहीं आ रही है, लेकिन संकेतों के माध्यम से बहुत कुछ कहा और समझा जा रहा है. मध्य प्रदेश कांग्रेस के दो दिग्गज नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कमलनाथ साथ-साथ एक फ्रेम में नजर आ रहे हैं, जिसको लेकर राजनीतिक गलियारे में गहमागहमी शुरू हो गई है.
मध्य प्रदेश में 15 महीने में गिरी कमलनाथ सरकार के कारणों को लेकर दो दिग्गज कांग्रेसी कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच खिंची तलवार लगता है म्यान में वापस जा चुकी है. सामने आई तस्वीर कुछ ऐसा ही बयान करती है, जिसे दोनों नेता गलबहियां करते नजर आए हैं. सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें दिग्विजय सिंह दूसरे कांग्रेस नेता कमलनाथ के कंधों पर हाथ रखे हुए नजर आ रहे हैं. बैकग्राउंड 'सैयारा तो तू तो बदला नहीं, मौसम जरा सा रूठा हुआ है' गाना गुनगुना रहा है.
'हमारे कमलनाथ जी से छोटे-मोटे मतभेद रहे हैं,लेकिन मनभेद कभी नहीं' 
दिग्विजय सिंह ने पोस्ट में लिखा, कमलनाथ जी और मेरे लगभग 50 वर्षों के पारिवारिक संबंध रहे हैं. हमारे राजनैतिक जीवन में उतार चढ़ाव आते रहे हैं और ये स्वाभाविक भी हैं. हमारा सारा राजनैतिक जीवन कांग्रेस में रहते हुए विचारधारा की लड़ाई एक जुट हो कर लड़ते हुए बीता है और आगे भी लड़ते रहेंगे. छोटे-मोटे मतभेद रहे हैं,लेकिन मनभेद कभी नहीं.
कमलनाथ सरकार को गिराने में दिग्विजय सिंह पर लगता रहा है आरोप
गौरतलब है 15 महीनों पुरानी कमलनाथ सरकार गिराने में दिग्विजय सिंह का हाथ कहा जाता है, जब मौजूदा केंद्रीय मंत्री और गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस विधायकों की सेंधमारी कर कलमनाथ की सरकार गिरा दी थी, लेकिन एमपी की सियासत लगता है फिर नई करवट लेने वाली है.
कमलनाथ सरकार गिरने के बाद दोनों नेताओं की पहली आधिकारिक मुलाकात 
रिपोर्ट के मुताबिक वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ और दिग्वजिय सिंह दोनों नेताओं की राजधानी दिल्ली में 15 महीनों पुरानी सरकार गिराने के सियासी बवाल के बाद पहली बार मुलाकात की आधिकारिक तस्वीर सामने आए है, जिसके सियासी मायने निकाले जाने शुरू हो गए हैं.
'आगे भी हम मिल कर जनता के हित में कांग्रेस के नेतृत्व में सेवा करते रहेंगे'
कमलनाथ के साथ वाली फोटो शेयर करते हुए दिग्विजय सिंह ने लिखा- ‘कमलनाथ जी से छोटे-मोटे मतभेद रहे हैं, लेकिन मनभेद कभी नहीं.' कल हमारी मुलाक़ात हुई. हम दोनों को कांग्रेस पार्टी नेतृत्व ने खूब अवसर दिए और जनता का प्यार सदैव मिलता रहा है. आगे भी हम मिल कर जनता के हित में कांग्रेस के नेतृत्व में सेवा करते रहेंगे.