भोपाल में छापे में मिले विदेशी लिंक, एक करोड़ नकद:बोगस बिलों के जरिये होता था करोड़ों का लेन-देन, बीस लॉकर मिले
भोपाल।
आयकर विभाग की छापामारी में एमपी नगर स्थित साइंस हाउस मेडिकल प्राइवेट लिमिटेड (एसएचएमपीएल) और उसके करीबी कारोबारियों की टैक्स चोरी का बड़ा नेटवर्क उजागर हुआ है। विभागीय जांच में विदेशी लिंक के साथ-साथ बोगस बिलिंग और सप्लाई के फर्जी खेल का पर्दाफाश हुआ है। जांच टीम ने एक करोड़ रुपए से अधिक की नकदी जब्त की है और करीब 20 लॉकर सील किए हैं। साइंस हाउस के संचालक जितेंद्र तिवारी और उनके परिजनों के बैंक खातों की भी गहन जांच शुरू की गई है। जिन खातों में भारी भरकम रकम जमा हुई है, उनके स्रोत और मनी ट्रांजेक्शन की डिटेल खंगाली जा रही है। आयकर टीम अब पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर सीबीडीटी को सौंपेगी। इसके बाद टैक्स चोरी की कंपाइल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों को अलग से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। बता दें कि आयकर विभाग ने भोपाल, इंदौर, मुंबई समेत कई शहरों में तीस से अधिक ठिकानों पर छापे मारे हैं।
राजेश गुप्ता की विदेश में भी संस्था और कारोबार
लालघाटी निवासी राजेश गुप्ता के यहां जांच के दौरान मिले दस्तावेजों से विदेशी लिंक का पता चला है। विदेश में उनकी संस्था और कारोबार की जानकारी मिलने के बाद इस मामले में ईडी की एंट्री भी तय मानी जा रही है। यह भी पता चला है कि जितेंद्र तिवारी, राजेश गुप्ता और अन्य के यहां से अर्जित अवैध आय से रियल एस्टेट में निवेश किया गया है। ऐसे में निवेश दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।
20 लॉकर, एक करोड़ की नकदी मिली
जांच दल को सभी के ठिकानों से करीब 20 लॉकर और एक करोड़ रुपए से अधिक की नकदी मिली है। अभी लॉकर नहीं खोले गए हैं। जांच पूरी होने के बाद लॉकर खोलकर ज्वैलरी और कैश की पड़ताल की जाएगी। बताया जाता है कि अभी जांच एक दिन और चल सकती है। इस बीच जांच कार्यवाही के दौरान जब्त नकदी और ज्वैलरी के वेरिफिकेशन को लेकर बैंक अधिकारियों की टीम को भी कल बुलाया गया था।
बोगस बिल से बड़ा खेल, कंपनियों के नाम पर लेन-देन
जितेंद्र तिवारी और उसके परिजन कंपनियों में डायरेक्टर हैं। उनके परिजनों के अलावा राजेश तिवारी और बाकी सहयोगियों द्वारा बोगस बिल बनाकर भुगतान लेने और सप्लाई मटेरियल इधर से उधर करने का मामला भी पकड़ में आया है। इसके लिए अलग-अलग कंपनियों को आधार बनाकर सप्लाई करने और पेमेंट लेने का काम किया गया है। कुछ शैल कंपनियों की बात भी सामने आई है।

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप
कपिल सिब्बल का बयान: मतगणना केंद्रों पर राज्य सरकार के कर्मचारी जरूरी
ठाणे में क्रेन हादसा: लिंक रोड साइट पर गिरने से दो मजदूरों की मौत
Mamata Banerjee का दावा: बंगाल में फिर बनेगी TMC सरकार
ईरान-यूएस तनाव के बीच फंसा सुपरटैंकर, रणनीतिक हलचल तेज