99 एकड़ जमीन की नप्ती आज, कोकता से शुरुआत:3 राजस्व निरीक्षक, 12 पटवारी करेंगे सीमांकन; SDM-तहसीलदार भी मौजूद रहेंगे
भोपाल।
भोपाल के अनंतपुरा इलाके में 99 एकड़ जमीन की नप्ती आज (बुधवार) से शुरू होगी। कोकता बायपास क्षेत्र से सीमांकन शुरू होगा। 3 राजस्व निरीक्षक और 12 पटवारी इस काम में जुटेंगे। एसडीएम रवीश कुमार श्रीवास्तव और तहसीलदार सौरभ वर्मा भी मौजूद रहेंगे। बता दें कि 23 दिन में 7 प्रॉपर्टी जमींदोज करने और करीब 125 करोड़ रुपए की सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के बाद जिला प्रशासन 'मछली' परिवार पर फिर से शिकंजा कंसने वाला है। पशुपालन विभाग की 99 एकड़ जमीन का सीमांकन होगा। आशंका है कि इस जमीन के काफी हिस्से पर मछली परिवार का कब्जा है। एसडीएम श्रीवास्तव ने बताया, बुधवार सुबह से सीमांकन शुरू कर देंगे। इसके लिए बारी-बारी से टीमें बनाई गई हैं। कोई हंगामा न हो, इसलिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा। सूत्रों के अनुसार, 99 एकड़ में से काफी हिस्से में मछली परिवार का दखल सामने आया है। एक कॉलोनी का कुछ हिस्सा भी शामिल हैं। इसलिए इसकी पड़ताल की जा रही है। मछली परिवार समेत 20 लोगों को पहले ही नोटिस दिए जा चुके हैं। इन्हें भी सीमांकन के दौरान मौजूद रहने को कहा गया है।
12 से 13 रकबा में पूरी जमीन
जानकारी के अनुसार, 99 एकड़ जमीन का सीमांकन करने में 7 से 10 दिन का समय लग सकता है। यह जमीन 12 से 13 रकबे में है।
23 दिन में ऐसे हुई कार्रवाई...
ड्रग्स तस्करी और दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार शाहवर मछली और उसके भतीजे यासीन के परिवार की अवैध कोठी को 21 अगस्त को गिरा दिया गया था। करीब 15 हजार स्क्वायर फीट एरिये में बनी कोठी, पोर्च, गैराज, पार्क था। इस जमीन की अनुमानित कीमत 25 करोड़ रुपए आंकी गई है। इससे पहले 30 जुलाई को कार्रवाई की गई थी। जिसमें 6 संपत्तियों को जमींदोज कर 100 करोड़ रुपए कीमत की सरकारी जमीन कब्जा मुक्त कराई गई थी। इन दोनों कार्रवाई के बाद जिला प्रशासन मछली परिवार की अन्य संपत्तियों की जांच में जुटा। इसी बीच पशुपालन विभाग ने कोकता बायपास स्थित 99 एकड़ जमीन का सीमांकन कराने के लिए आवेदन दिया। अफसरों का दावा है कि इस जमीन पर भी मछली परिवार सहित 20 लोगों ने कब्जा किया है। इसके आधार पर प्रशासन ने रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया और सभी 20 लोगों को नोटिस जारी किए।

जूनागढ़ में बस पलटी, दो की मौत और 15 घायल; बड़ी दुर्घटना से हड़कंप
कपिल सिब्बल का बयान: मतगणना केंद्रों पर राज्य सरकार के कर्मचारी जरूरी
ठाणे में क्रेन हादसा: लिंक रोड साइट पर गिरने से दो मजदूरों की मौत
Mamata Banerjee का दावा: बंगाल में फिर बनेगी TMC सरकार
ईरान-यूएस तनाव के बीच फंसा सुपरटैंकर, रणनीतिक हलचल तेज