भोपाल। 
भोपाल के कोहेफिजा स्थित पुराने सचिवालय परिसर में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। यहां स्थित हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के कार्यालय की छत से भारी प्लास्टर गिरने के साथ पूरी फॉल सीलिंग नीचे आ गई। घटना रात में हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों का मानना है कि यदि यह घटना दिन में होती, तो गंभीर हादसा हो सकता था। शुक्रवार सुबह एसडीएम सोनकिया ने बताया कि हादसे के बाद उनका कार्यालय असुरक्षित हो गया है। फिलहाल वे कोर्ट रूम में बैठकर कामकाज निपटा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए हैं। जानकारी के अनुसार, करीब 15 फीट ऊंची दीवार से मोटा प्लास्टर नीचे आ गिरा, जिसकी वजह से फॉल सीलिंग पूरी तरह ढह गई। इससे कमरे में रखा फर्नीचर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार्यालय को खाली करा दिया गया।
जर्जर हालत में पुरानी बिल्डिंग
पुराना सचिवालय भवन कई दशक पुराना है। यहां कमिश्नर, कलेक्टर और आईजी ग्रामीण समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के दफ्तर संचालित होते हैं। भवन का बड़ा हिस्सा जर्जर स्थिति में है। जगह-जगह से पानी टपकता रहता है और सीढ़ियों पर फिसलन बनी रहती है। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।