भिंड के लहार कस्बे में दो पक्षों के बीच फायरिंग:20 मिनट में 40 राउंड गोलियां चलीं
भिंड।
भिंड जिले के लहार थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 11 बजे दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। पुरानी चुंगी के पास हुई इस घटना में 46 वर्षीय मोनू चौधरी की मौके पर मौत हो गई। उसे सिर और पीठ में गोली लगी थी। पुलिस के मुताबिक, विवाद की शुरुआत गाली-गलौज से हुई थी जो बाद में गोलीबारी में बदल गई।स्थानीय लोगों के अनुसार मोनू चौधरी और दुबे परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार को मोनू जैसे ही अपने घर की ओर जा रहा था, तभी दुबे परिवार के लड़कों ने उसे गालियां देना शुरू कर दीं। विरोध करने पर युवकों ने आरोप लगाया कि मोनू का परिवार संजीव चौधरी का पक्ष ले रहा है। इसी बात पर दोनों ओर से तकरार बढ़ गई।
20 मिनट तक 30 से 40 राउंड फायरिंग
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शुरुआत में दुबे पक्ष के युवकों ने हवाई फायर किए। जैसे ही यह सूचना मोनू के परिजनों और समर्थकों को लगी, वे भी हथियार लेकर पहुंच गए। इसके बाद करीब 20 मिनट तक दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग चली, जिसमें 30 से 40 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस दौरान मोनू चौधरी को दो गोलियां लगीं- एक सिर में और एक पीठ में। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचाने में भी हुई परेशानी
फायरिंग के बीच मोनू को सीधा अस्पताल ले जाना मुश्किल था। इसलिए उनके साथियों ने उन्हें पुराने चुंगी क्षेत्र से साधु बाबा वाली गली के रास्ते निकालकर अस्पताल पहुंचाया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
एसपी ने दी जानकारी, जांच शुरू
भिंड एसपी असित यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलीबारी में एक युवक की मौत हुई है और दूसरे के घायल होने की सूचना है। मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
इलाके में पहले से तनाव, पुलिस को थी जानकारी
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों में लंबे समय से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद चला आ रहा था। पहले भी दोनों आमने-सामने आ चुके हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस को इस तनातनी की जानकारी पहले से थी। दोनों पक्षों के हथियारबंद लोग अक्सर सड़क पर घूमते नजर आते थे, जिससे मोहल्ले में डर और दहशत का माहौल बना हुआ था।
स्थिति तनावपूर्ण, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया है। एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क है।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (21 फ़रवरी 2026)
श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने श्रमिक भाई -बहन बनें जागरूक- राजस्व मंत्री वर्मा
डिजिटल सुविधा केंद्र में 86 वर्षीय भक्तिन राय को अंगूठे के निशान पर मिल रही सुविधाएं
मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू, जंगल सफारी में मिला नया आश्रय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव दतिया को देंगे 532 करोड़ रूपये के विकास की सौगातें
खेल आपसी सद्भाव, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम-राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा