भिंड। 
भिंड जिले के लहार विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल जमुहां में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान बड़ा विवाद हो गया। 15 अगस्त को देशभक्ति गीतों की जगह मंच से अश्लील गाने बजने लगे। इस दौरान मंच पर छात्र-छात्राएं मौजूद थे और अभिभावक-ग्रामीण भी कार्यक्रम देख रहे थे। अचानक “तू तो नागिन सी लुगाई…” और “तेरा बालम छोटा…” जैसे आपत्तिजनक गाना बजने लगे। गाने बजते ही लोग असहज हो गए और कई अभिभावकों ने तुरंत आपत्ति जताई। वीडियो सामने आते ही मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
देशभक्ति कार्यक्रम में फूहड़ता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब अश्लील गाने बजने लगे तो मंच पर मौजूद बच्चों को शर्मिंदगी झेलनी पड़ी। ग्रामीणों का कहना है कि राष्ट्रीय पर्व जैसे मौके पर इस तरह की हरकत बच्चों के संस्कारों पर बुरा असर डालती है और भारतीय संस्कृति का मजाक उड़ाने जैसा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसे लेकर स्थानीय लोग नाराज हैं और जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर मामले को दबाने की कोशिश की गई तो वे विरोध करेंगे।
शिक्षा विभाग की सफाई
मामले पर लहार बीईओ प्रेम सिंह बघेल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम संपन्न हो चुका था। उसके बाद किसी ने म्यूजिक पर अश्लील गाना बजा दिया। उस समय छात्र जा रहे थे। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।