भिंड। 
मध्यप्रदेश के दो अलग-अलग जिलों में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया। भिंड में तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पन्ना में मंदिर से लौट रहे भाई-बहनों समेत तीन की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में शोक का माहौल है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
भिंड में कैंटर की चपेट में आईं दो बाइकें
भिंड जिले के फूप थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 719 पर टेडी पुलिया के पास तेज रफ्तार कैंटर ने मंगलवार को दो बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में भिंड के मशहूर गोताखोर भोला खान समेत पांच लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, भोला किसी काम से इटावा गए थे और लौटते समय यह दुर्घटना हुई। उनकी बाइक को कैंटर ने पीछे से टक्कर मारी और उसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक भी चपेट में आ गई, जिस पर दो बच्चों सहित चार लोग सवार थे।
इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। मृतकों में भोला खान के साथ फूप क्षेत्र के सोरा गांव निवासी सुनील बघेल, उनकी पत्नी बबीता, चार वर्षीय पुत्र छोटू और एक बच्ची शामिल हैं। भिंड निवासी गोताखोर भोला खान शामिल हैं। उन्होंने अतीत में कई लोगों की डूबने से जान बचाई थी और गौरी सरोवर में रेस्क्यू के लिए अक्सर उन्हें बुलाया जाता था।
आरोपी चालक वाहन छोड़कर भागा
फूप थाना प्रभारी सतेन्द्र भदौरिया ने बताया कि हादसे के बाद कैंटर चालक वाहन को लेकर भाग निकला। पीछा करने पर उसने कुछ दूरी पर कैंटर छोड़ दिया और फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है। मृतकों के शवों को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।