भिंड। 
चंबल के अंचल में खाकी का एक ऐसा अंदाज देखने को मिला है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। भिंड के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. असित यादव के जन्मदिन का सेलिब्रेशन इन दिनों टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है। जश्न का वीडियो सामने आने के बाद लोग इसकी तुलना किसी कद्दावर नेता के स्वागत समारोह से कर रहे हैं।
फूलों के ढेर में 'गुम' हो गए कप्तान
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि एसपी डॉ. असित यादव को पहले एक विशालकाय फूलों की माला पहनाई गई। इसके बाद उन्हें एक कुर्सी पर बिठाया गया और फिर शुरू हुआ फूलों की बारिश का सिलसिला। समर्थकों और प्रशंसकों ने उन पर इतने फूल बरसाए कि देखते ही देखते जिले के कप्तान फूलों के ढेर के पीछे पूरी तरह ढंक गए।
नेताजी वाला 'फील', खाकी वाला रसूख
आमतौर पर ऐसा भव्य नजारा चुनावी रैलियों या किसी बड़े नेता के शक्ति प्रदर्शन के दौरान देखने को मिलता है। लेकिन भिंड में एसपी के लिए उमड़े इस 'अथाह प्रेम' को देखकर हर कोई हैरान है। जहां कुछ लोग इसे जनता और पुलिस के बीच के मधुर संबंधों का प्रतीक मान रहे हैं, वहीं कुछ इसे प्रशासनिक गरिमा और पद की मर्यादा से जोड़कर भी देख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट्स की बाढ़ आ गई है। लोग चटखारे लेकर कह रहे हैं कि "लगता है कप्तान साहब की लोकप्रियता नेताओं को भी पीछे छोड़ देगी।" फिलहाल, फूलों की यह 'बारिश' चर्चा का केंद्र बनी हुई है और भिंड के प्रशासनिक गलियारों में इसी जश्न के चर्चे हैं।