भोपाल। 
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा बैतूल में मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख को निकम्मा और मक्कार कहने को भाजपा ने ओबीसी वर्ग का अपमान बताया है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि जीतू पटवारी ने भाजपा के वरिष्ठ विधायक के लिए जिस अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया है, वह एक चुने हुए जनप्रतिनिधि के अपमान के साथ ही ओबीसी वर्ग का अपमान है। खण्डेलवाल ने कहा कि चंद्रशेखर देशमुख तीन बार चुने हुए वरिष्ठ विधायक हैं। मप्र में पिछड़ा वर्ग को मिल रहे सम्मान से कांग्रेस नेता बौखलाए हुए हैं। इसलिए कांग्रेस के लोग अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर अपनी हताशा प्रकट कर रहे हैं। खण्डेलवाल ने कहा कि राजनीति में मतभेद स्वाभाविक हैं। लेकिन अशोभनीय भाषा का प्रयोग करना लोकतांत्रिक परंपराओं की अवहेलना और मर्यादाओं का हनन है। खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेसी खोए हुए जनाधार से बौखलाकर कभी न्यायपालिका, कभी चुनाव आयोग और कभी जनप्रतिनिधियों के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हैं।
ये कहा था पटवारी ने
गौरतलब है कि पीसीसी चीफ जीतू पटवारी बुधवार को बैतूल के नवागत कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा के स्वागत जुलूस कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान पटवारी ने कहा था कि अगर विधायक मक्कार और निकम्मा नहीं होता, तो सही से काम करता। यहां की सड़कों में गड्ढे नहीं होते।