बड़वानी।
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पाटी क्षेत्र की छात्राओं ने आज अपने छात्रावास की समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर से मिलने के लिए लंबा पैदल मार्च किया। छात्राओं ने भोजन में कीड़े निकलने, तय मेन्यू के अनुसार खाना न मिलने और वार्डन द्वारा दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए।
10 किलोमीटर पैदल चली छात्राएं
जानकारी के अनुसार, पाटी विकासखंड के चौकी स्थित सर्व शिक्षा अभियान अंतर्गत संचालित नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास की छात्राएं सुबह कलेक्टर से मिलने निकल पड़ीं। छात्राओं ने चौकी से पाटी तक लगभग 10 किलोमीटर पैदल, उसके बाद 22 किलोमीटर बस से, और बड़वानी पहुंचने पर 2 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं।
खाने में निकलते हैं कीड़े
छात्राओं ने आरोप लगाया कि छात्रावास में दिए जाने वाले भोजन में अक्सर कीड़े निकलते हैं और भोजन मेन्यू के अनुसार नहीं बनाया जाता। कई छात्राओं ने यह भी कहा कि बीमार होने पर वार्डन उषा सोलंकी उन्हें 'नाटक करने' जैसी टिप्पणियां करती हैं, जिससे उन्हें मानसिक रूप से भी परेशानी होती है। वार्डन उषा सोलंकी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया और कहा कि वे मेन्यू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराती हैं। छात्राओं की शिकायत सुनने के बाद सर्व शिक्षा अभियान के डीपीसी प्रमोद वर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्राएं वापस लौटीं।