'किसी के बाप का राज नहीं चल रहा...' बड़वानी में महिला CEO पर भड़के कांग्रेस विधायक, मिला मुंहतोड़ जवाब!
बड़वानी (सेंधवा)।
मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा हो गया, जब कांग्रेस विधायक मोंटू सोलंकी का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। विधायक जिला पंचायत की महिला सीईओ (CEO) काजल जावला पर इस कदर भड़के कि सरेआम अमर्यादित बोल बोल गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि जिस वक्त विधायक अपनी भड़ास निकाल रहे थे, महिला अधिकारी वहां मौजूद नहीं थीं।
'मैडम मीटिंग में बिजी हैं...' सुनते ही खोया आपा
जानकारी के मुताबिक, सेंधवा में एक सरकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। स्थानीय विधायक होने के नाते मोंटू सोलंकी वहां पहुंचे, लेकिन मुख्य अतिथि की कुर्सी से जिला पंचायत सीईओ गायब थीं। जब विधायक ने उनकी गैरमौजूदगी पर सवाल उठाया, तो स्टाफ ने सफाई दी कि "मैडम एक जरूरी मीटिंग में व्यस्त हैं।" बस, यह सुनते ही विधायक जी का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तमतमाते हुए कहा— "अगर मैडम बिजी थीं, तो फिर यह कार्यक्रम रखा ही क्यों?"
वीडियो वायरल: "उन्हें बुलाइए, यहां किसी के बाप का राज नहीं..."
इस पूरे वाकये का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विधायक मोंटू सोलंकी अपनी भड़ास निकालते साफ नजर आ रहे हैं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके ही विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम हो जाता है और उन्हें कानों-कान सूचना तक नहीं दी जाती। अधिकारियों को अल्टीमेटम देते हुए विधायक ने कैमरे के सामने कहा— "उन्हें (CEO) तुरंत यहाँ बुलाइए... यहाँ किसी के बाप का राज नहीं चल रहा है!"
लेडी सिंघम का दो टूक जवाब: 'नियमों से चलूंगी, विधायक के इशारे पर नहीं!'
विधायक की इस सरेआम बदतमीजी और गुस्से पर जिला पंचायत सीईओ काजल जावला ने भी करारा पलटवार किया है। उन्होंने विधायक की धौंस को दरकिनार करते हुए दो टूक शब्दों में साफ कर दिया है कि "वह देश के संविधान और नियमों के तहत ही अपना काम करेंगी, किसी विधायक के इशारे या दबाव में आकर काम नहीं करेंगी।"
विकास कार्यों के मंच पर नेताओं और नौकरशाहों (Bureaucrats) की यह जंग अब बड़वानी की सियासत में नया उबाल ले आई है। एक तरफ विधायक मर्यादा भूलकर 'बाप के राज' की बात कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ महिला अधिकारी ने भी साफ कर दिया है कि राज सिर्फ 'नियम और कानून' का चलेगा।

दुर्गाडी किला विवाद फिर उभरा, बकरीद पर तनाव से Kalyan में माहौल संवेदनशील
सोयाबीन का इस्तेमाल बायोफ्यूल में बढ़ा, वैश्विक आपूर्ति पर असर
ITR भरते समय इन 10 गलतियों से रहें सावधान, वरना भारी पड़ सकती है चूक
उर्दू अदब को बड़ा झटका: मशहूर शायर बशीर बद्र का 91 साल की उम्र में निधन