अशोकनगर।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। अशोकनगर जिले की राजनीति में उस समय एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जब ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस के दिग्गज नेता और दिग्विजय सिंह के खास माने जाने वाले पूर्व विधायक गोपाल सिंह चौहान के घर अचानक पहुंच गए। यहां सिंधिया ने पूर्व विधायक की मां को श्रद्धांजलि अर्पित की। हालांकि ज्योतिरादित्य सिंधिया का कांग्रेस नेता के घर जाना चर्चा का विषय बन गया। ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र अशोकनगर के दौरे पर थे। बुधवार को कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद वह चंदेरी विधानसभा सीट से पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के कद्दावर नेता गोपाल सिंह चौहान की दिवंगत माता को श्रद्धांजलि अर्पित करने उनके निवास पहुंच गए। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गोपाल सिंह चौहान के परिवार से मुलाकात कर हालचाल जाना।
कांग्रेस नेता ने छूए पैर
वहीं, सिंधिया के कांग्रेस नेता के निवास पर पहुंचने की खबर के बाद कांग्रेस नेता के घर लोगों का जमावड़ा लग गया। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के घर आने सूचना पर कांग्रेस नेता उन्हें लेने के लिए घर के बाहर पहुंचे और पैर छूकर उनका स्वागत किया।
दिग्विजय सिंह के करीबी हैं गोपाल सिंह चौहान
ज्योतिरादित्य सिंधिया जब कांग्रेस में थे तो दोनों नेता मिलकर काम करते थे। हालांकि गोपाल सिंह चौहान को दिग्विजय सिंह का खास माना जाता है। ज्योतिरादित्य के बीजेपी में शामिल होने के बाद गोपाल सिंह चौहान ने कई हमले किए। इसके बाद भी ज्योतिरादित्य सिंधिया को जब पूर्व विधायक के मां के निधन की जानकारी हुई तो मुलाकात करने आवास पर पहुंचे।
कांग्रेस नेता बोले-मुझे भाषण देना 'महाराज' ने सिखाया
राजनीतिक रूप से एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाने वाले इन दोनों नेताओं की यह मुलाकात चर्चा का विषय बनी हुई है। सिंधिया ने गोपाल सिंह चौहान के साथ पुराने दिनों याद करते हुए कहा कि गोपाल सिंह पहले चुनाव में बहुत शरमाते थे। गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि मुझे भाषण देना महाराज ने सिखाया हैं। मुझे तो बोलना भी नहीं आता था महाराज बोलते रहे बोलो.. बोलो.. और फिर सिखा जिस पर सिंधिया ने हंसते हुए गोपाल सिंह चौहान की पीठ थपथपाते बोले कि अब तो बहुत बोलने लगे। मुझे ही कहना पड़ता है रुको रुको। जिस पर गोपाल सिंह चौहान ने हाथ जोड़ बोले गलती हुई हो तो क्षमा करना महाराज।