अशोकनगर।
जिला पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में कांग्रेस नेता ने उस वक्त हंगामा कर दिया, जब विकलांग को ट्राइसाइकिल देने के प्रस्ताव के बाद भी नहीं मिल पाई। समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कारण पूछा तो उन्होंने सभी हितग्राहियों को एक साथ ट्राइसाइकिल वितरण की बात कही। साथ ही कहा कि महाराज के यहां से कॉल आने की बात कही। इस पर कांग्रेस नेता ने बवाल कर दिया। अधिकारियों से पूछा कि कौन महाराज साहब।
सामान्य सभा की हो रही थी बैठक
दरअसल, जिला पंचायत सभाकक्ष में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बिंदुवार मुद्दों पर चर्चा की जा रही थी। तभी एक बिंदु पर जिप सदस्य बाई साहब यादव ने कहा कि 10 माह पहले दोनों पैरों से दिव्यांग खानपुर निवासी उत्तम सिंह यादव को ट्राइसाइकिल दिए जाने के प्रस्ताव का सामने आया था। 10 माह बाद भी दिव्यांग को ट्राइसाइकिल नहीं मिली है।
सामूहिक कार्यक्रम में किए जाएंगे वितरण
जब सामाजिक न्याय विभाग के सहायक संचालक राजेंद्र प्रजापति से पूछा तो उन्होंने सामूहिक कार्यक्रम के दौरान उपकरण वितरित किए जाने की बात कही। उनकी बात सुनकर जिप सीईओ ने कहा कि मेन बात बताओ, हितग्राही का नाम क्या था? उसे आपने ट्राइसाइकिल पहुंचाई या नहीं?
10 महीने पहले हुई थी बैठक
इसके बाद जिप सदस्य यादवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि 10 माह पहले बैठक हुई थी, तब से अब तक एक भी ट्राइसाइकिल नहीं बांटी गई, ट्राइसाइकिल असेंबल हो चुका है। आखिर किसके इंतजार में रुके हुए हैं? जवाब देते हुए सहायक संचालक ने कहा कि कलेक्टर साहब को हम जानकारी दे चुके हैं।
महाराज साहब के यहां से आया था फोन
अधिकारी ने आगे कहा कि सम्माननीय महाराज साहब के इधर से फोन आया था। ये सुनते ही जिप सदस्य और कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी यादवेंद्र सिंह यादव बोले- कौन महाराज साहब, नाम बताइए? इसके बाद सहायक संचालक ने कहा सिंधिया जी। इसके बाद जिप सदस्य ने कहा क्या ये सामग्री सांसद ही बांट सकता है, अन्य कोई नहीं बांट सकता, ये कह रहे हैं कि महाराज आएंगे तब बांटेंगे। जिप सीईओ बोले बच्चे (सहायक संचालक) हैं, अभी नई नौकरी लगी है, जवाब देना नहीं आता। जिप सदस्य यादवेंद्र सिंह यादव ने कहा कि हमारे दिव्यांग भाई परेशान हो रहे हैं। अगर कोई जनप्रतिनिधि 6 महीने नहीं आया, 3 महीने नहीं आया तो उनके इंतजार में हमारे दिव्यांग लोग बैठे रहेंगे, ये दुर्भाग्य पूर्ण विषय है।
सीईओ बोले- कोई भी अभी बच्चा है
जिप सदस्य ने कहा कि क्या कोई दूसरा जनप्रतिनिधि नहीं बांट सकता? इसके बाद जिप सीईओ ने कहा कि बिल्कुल कोई भी बांट सकता है। इसके बाद जिप सदस्य ने कहा कि आप लिखिए माननीय अध्यक्ष जी बांटेंगे। साथ ही जिप सीईओ ने बात को संभालते हुए सहायक संचालक को लेकर बोले कि नए बच्चे लोग हैं, इनको रिप्लाई देना नहीं आता।
अध्यक्ष बोले सामान आ चुका है
इस बीच जिप अध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि पहले सामान आ गया, वो कब तक रखा रहेगा? सीईओ ने बीच में कहा कि अभी वो असेंबल नहीं हुआ। बाद में बहस बढ़ी और जैसे ही मामले ने तूल पकड़ा तो जिप सीईओ ने मीडिया को बाहर जाने को कह दिया।