• सीने में तकलीफ के चलते हुआ भर्ती 
  • गुजरात हाईकोर्ट ने 21 अगस्त तक बढ़ाई जमानत

इंदौर। दुष्कर्म के आरोपी आसाराम बापू की तबीयत एक माह से खराब है। इसके चलते वह इन दिनों इंदौर के डॉक्टरों के संपर्क में है। पिछले दिनों वह विशेष ज्युपिटर हॉस्पिटल में भर्ती हुआ। आईसीयू में रखकर डॉक्टरों की टीम ने उसका इलाज किया और हाल ही में उसे छुट्‌टी दे दी गई। आसाराम 21 अगस्त तक जमानत पर है। तबीयत खराब हाेने के कारण पिछले माह आसाराम को पुलिस सुरक्षा में इंदौर के सरकारी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। वहां उनकी कई जांच हुई थीं। जांचों में हार्ट संबंधी तकलीफ पाई गई थीं। जांच रिपोर्ट में आसाराम का ट्रोपोनिन लेवल काफी बढ़ा (2465.59 pg-ml) आया है। इसलिए विशेष ज्युपिटर हॉस्पिटल में उसे डॉ. अशोक ठाकुर के केयर ऑफ में एडमिट किया है। यहां कई दिनों तक उनका इलाज चला।
हाईकोर्ट से मिली राहत
दुष्कर्म के एक मामले में गुजरात में सजा काट रहे आसाराम को हाईकोर्ट से अब इलाज के लिए राहत मिली है। कोर्ट ने उसके इलाज के चलते उसकी जमानत अवधि 21 अगस्त तक बढ़ा दी है। आसाराम ने कोर्ट में खराब सेहत का हवाला देते हुए तीसरी बार एक महीने की जमानत बढ़ाने की अर्जी दी थी। इसके साथ मेडिकल सर्टिफिकेट भी लगाए गए थे। सरकार ने कोर्ट से इन सर्टिफिकेट की जांच के लिए समय मांगा। कोर्ट ने सरकार को 21 अगस्त तक का समय दिया। इसी अवधि तक आसाराम को भी राहत दी गई।