अमेरिकन एयरलाइंस के विमान की मिलिट्री हेलिकॉप्टर से टक्कर
- प्लेन और चॉपर नदी में गिरे, कई शव बरामद, प्लेन में 64 लोग सवार थे
वॉशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में बुधवार को एक यात्री विमान और एक हेलिकॉप्टर टकरा गए। क्रैश के बाद दोनों पोटोमैक नदी में गिर गए। प्लेन में 4 क्रू मेंबर समेत 64 लोग सवार थे। वॉशिंगटन के फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक घटना स्थानीय समयानुसार बुधवार रात रोनाल्ड रीगन एयरपोर्ट के पास हुई। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक कई शव बरामद कर लिए गए हैं। हादसा स् एयरलाइन्स के सीआरजी 700 बॉम्बार्डियर जेट और सेना का ब्लैक हॉक (एच-60) हेलिकॉप्टर के बीच हुआ। सेना के अधिकारियों के मुताबिक हेलिकॉप्टर में 3 लोग सवार थे। अमेरिकन एयरलाइन्स का जेट कंसास राज्य से वॉशिंगटन आ रहा था। कंपनी ने रात 9 बजे के बाद इस हादसे की पुष्टि की। अधिकारियों के मुताबिक रात 8:50 बजे रीगन नेशनल एयरपोर्ट (डीसीए) के पास रात विमान हादसे की कई कॉल आईं।
फिलहाल एयरपोर्ट पर सभी उड़ानें और लैंडिंग रोक दी गई हैं। दोनों विमानों का मलबा पोटोमैक नदी में है।
4 लोग जिंदा निकाले गए
एनबीस की रिपोर्ट के मुताबिक हादसे के बाद पोटोमैक नदी से चार लोगों को जिंदा निकाला गया है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लीविट ने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को हादसे के बारे में जानकारी दी गई है। ट्रम्प लगातार इस पर नजर बनाए हुए हैं। राष्ट्रपति ने लोगों से शांत रहने और अधिकारियों को रेस्क्यू के लिए निर्देश दिए हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में शामिल लोगों के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।