• एक दिन में सबसे ज्यादा; अब तक 93,000 यात्री पहुंचे

  • छठा जत्था जम्मू से रवाना

पहलगाम अमरनाथ यात्रा के पांचवें दिन 23,857 श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन किए। अब तक एक दिन दर्शन करने वालों की यह सबसे बड़ी संख्या है। यात्रा के पहले दिन गुरुवार को 12,348 , शुक्रवार को 14,515, शनिवार को 21,109, रविवार को 21,512 तीर्थयात्री दर्शन के लिए पहुंचे थे। पवित्र अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई को शुरू हुई थी। पहले 5 दिन में ही दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 93,336 पहुंच गई है। इस बीच 8,605 यात्रियों का छठा जत्था सोमवार को जम्मू से गांदरबल के बालटाल और पहलगाम के नुनवान बेस कैंप के लिए रवाना हुआ। 38 दिन तक चलने वाली यात्रा पहलगाम और बालटाल दोनों रूटों से होगी। यात्रा का समापन 9 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा। पिछले साल यात्रा 52 दिन चली थी और 5 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के दर्शन किए थे।